एमपी के 10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे:पचमढ़ी, राजगढ़, उमरिया और खजुराहो सबसे ज्यादा ठंडे, कई शहरों में सुबह कोहरा

मध्य प्रदेश में ठंड का असर एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार-रविवार की रात प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर में भी पारे में गिरावट देखने को मिली। भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री और इंदौर में 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के सबसे ठंडे शहर पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो रहे, जहां तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 8.5 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 9.1 डिग्री, जबकि नौगांव में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 11.2, उज्जैन का 12 और जबलपुर का 11.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सुबह के समय कई जिलों में कोहरे का भी असर रहा। उज्जैन में विजिबिलिटी 1 किलोमीटर से अधिक रही, जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रतलाम, मंडला और सतना में दृश्यता 2 से 4 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात की ठंड का असर बना रह सकता है।



