मुरैना में ट्रेवल्स गाड़ी डंपर से टकराई; एक की मौत:11 लोग घायल, दिल्ली से महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे झारखंड के श्रद्धालु

मुरैना जिले के बानमौर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-44 पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उज्जैन जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रेवल्स गाड़ी खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में झारखंड निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बानमौर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह हादसा बानमौर कस्बे के पास नेशनल हाइवे-44 पर रात करीब 1:30 बजे हुआ। सड़क किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से आ रही ट्रेवल्स गाड़ी टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेवल्स का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
खड़े डंपर से टकराई ट्रेवल्स
जानकारी के अनुसार डंपर क्रमांक MP07 ZY 9735 हाईवे पर खड़ा हुआ था। इसी दौरान दिल्ली से उज्जैन जा रही ट्रेवल्स गाड़ी क्रमांक HR 38 AE 0045 उससे पीछे से जा टकराई। हादसे के समय ट्रेवल्स में सभी श्रद्धालु सो रहे थे।
झारखंड से उज्जैन जा रहे थे श्रद्धालु
ट्रेवल्स में सवार सभी यात्री झारखंड के तरैसी, जिला पलामू के रहने वाले हैं। कुल 13 श्रद्धालु झारखंड से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचे थे, जहां से चार अन्य लोगों को साथ लेकर ट्रेवल्स गाड़ी किराए पर ली गई। श्रद्धालु सोमवार को दिल्ली से वृंदावन पहुंचे थे। वहां भगवान बांके बिहारी के दर्शन करने के बाद सभी लोग रात में उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकले थे लेकिन बानमौर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।

एक श्रद्धालु की मौके पर मौत
हादसे में ट्रेवल्स में सवार उमेश गुप्ता (निवासी तरैसी, जिला पलामू, झारखंड) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल हुए लोगों में विपिन, आरती, ममता, कुसुम, शोभा देवी, सोनी, रविंद्र, देवरानी, रिंकी देवी, बल्ली और दीपक कुमार ट्रेवल्स बस चालक शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया है।
सिर्फ चालक ने खाया था खाना
बताया जा रहा है कि वृंदावन से उज्जैन रवाना होने से पहले ट्रेवल्स चालक ने ही अकेले खाना खाया था, जबकि बाकी श्रद्धालुओं ने भोजन नहीं किया था। लंबे सफर और थकान के कारण चालक को नींद आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। बानमौर कस्बे के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई और ट्रेवल्स सीधे खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे के वक्त सभी यात्री सो रहे थे, टक्कर के बाद सभी की नींद खुली।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बानमौर थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव ने बताया कि ट्रेवल्स गाड़ी खड़े डंपर से टकराई है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को नींद आना माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।



