मां-बेटी पर जानलेवा हमला, आंखों में झोंका मिर्च पाउडर;लगाई न्याय की गुहार

डोलरिया थाना अंतर्गत डोलरिया निवासी मां-बेटी ने उनके साथ हुई मारपीट की घटना के संबंध में मंगलवार को एसपी से शिकायत की है। उन्होंने आरोपित परिवार पर तलवार से हमला करने और झूमाझटकी करने के आरोप लगाए हैं।
डोलरिया निवासी संतोषी बाई ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी सांई कृष्ण एस थोटा को बताया कि पड़ोसी व आरोपित सुरेंद्र राजपूत, मीना राजपूत, मोना राजपूत एवं कला बाई ने उन पर उनकी पुत्री पूजा पर आंखों में मिर्च पावडर डालकर तलवार से हमला किया। साथ ही अभद्र भाषा का उपयोग कर जान से मारने की धमकी दी है।
उन्होंने बताया कि सात जनवरी को दोपहर दो बजे मेरे अधिपत्य वाले प्लाट पर मकान निर्माण कार्य के दौरान पड़ोसी ने हमसे विवाद किया, हमें निर्माण कार्य और सफाई नहीं करने दी। इसके बाद हमने डायल 112 पर फोन किया। लेकिन पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद फिर से अगले दिन आरोपितों ने हमें गालियां देकर हमला किया।
साथ ही बेटी के गले में रूमाल डालकर जान से मारने की कोशिश की गई। 12 जनवरी को डोलरिया पुलिस थाने मे रिपोर्ट दर्ज की गई लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष न्याय की मांग और डोलरिया पुलिस पर आरोपितों पर कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की है। इनका कहना हैदोनों पक्षों का पारिवारिक विवाद है।
एक दिन पहले संतोषी बाई के बेटों ने सुरेंद्र राजपूत के परिवार से विवाद कर मारपीट की थी। इसके बाद अगले दिन संतोषी और उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई। दोनों पक्षों पर मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई की जा रही है। खुमान सिंह, थाना प्रभारी, डोलरिया
डोलरिया की संतोषी बाई और उनकी बेटी ने अपने साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और गालीगलौज के संबंध में शिकायत की है। मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश डोलरिया पुलिस को दिए हैं। सांई कृष्ण एस थोटा, पुलिस अधीक्षक, नर्मदापुरम


