यूपी में कल से 5 दिन बारिश, फिर ठंड बढ़ेगी:कोहरे से लखनऊ में 8 फ्लाइट्स लेट, पहाड़ों पर बर्फबारी से पलटेगा मौसम

यूपी में कल से 5 दिन बारिश हो सकती है। आंधी भी चल सकती है। इसके बाद ठंड एक बार फिर अपना असर दिखाएगी। फिलहाल 2 दिनों से लोगों को कोहरे और ठंड से कुछ राहत मिली हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर अगले 3 दिन बर्फबारी और बारिश की वजह से प्रदेश में तापमान फिर से लुढ़कने लगेगा। यह दौर 5 से 6 दिन तक जारी रह सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभों के असर से पहले पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत होगी। यह आगे चलकर पूर्वी यूपी को भी अपने जद ले लेगी। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हवा की दिशा भी बदलेगी। फिर चल रही पूर्वी हवाओं ने ठंड से राहत दी है। फिर पश्चिमी हवाएं नमी बढ़ाएंगी, जिससे बारिश की परिस्थितियां बनेंगी।
आज आगरा, मथुरा समेत समेत 15 जिलों में कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ ही धूप ने लोगों को राहत दी। उत्तर भारत में घने कोहरे की वजह से लखनऊ आने-जाने वाली 8 फ्लाइट्स लेट रहीं। ऐसे ही गोरखपुर, प्रयागराज समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 20 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चलीं।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो मुजफ्फरनगर सबसे ठंड रहा, यहां रात का पारा 5.9°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद बरेली 7.4°C, कानपुर और अयोध्या 8-8°C और मेरठ 8.2°C रहा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-
आगामी दिनों में बारिश के साथ तापमान में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत बनी रहेगी। बारिश के बाद ठंड फिर लौटेगी। किसानों और आम जनता को आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम की तस्वीरें देखिए-


अब शहरों का हाल जानिए
- लखनऊ : सुबह से मौसम साफ है। गुनगुनी धूप निकली है। 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। आज अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
- कानपुर: सुबह कोहरा तो नहीं रहा। तेज सर्द हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में कुछ कोहरा जरूर दिखा, लेकिन दिन बढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के लगभग रिकॉर्ड किया गया।
- आगरा: सुबह कोहरे और गलन से राहत रही। हल्के बादल से छाए हैं। ठंडी हवाओं से सर्दी बरकरार है। सुबह का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। AQI 369 दर्ज किया गया। 22 और 23 जनवरी को बूंदाबांदी की संभावना है।
- गोरखपुर: कोहरा नहीं है। सर्द हवाओं से गलन बरकरार है। लोग अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक रहने की संभावना जताई है।
क्यों पलटा मौसम, जानिए उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर प्रदेश में भी साफ दिख रहा है। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। हवा की दिशा में बदलाव आया है। पहले जहां पूर्वा हवाएं चल रही थीं, अब उनकी जगह पछुआ हवाएं ले रही हैं। इससे वातावरण में नमी बढ़ी है और कहीं-कहीं बारिश की स्थिति बन रही है।
बारिश गेहूं-मसूर के लिए फायदेमंद कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बारिश गेहूं, मसूर और चना की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन सरसों और आलू को नुकसान हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर फसलों में दवा का छिड़काव करें, ताकि नुकसान से बचा जा सके।
3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- 22 जनवरी: पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
- 23 जनवरी: पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा और बादल छाए रहेंगे। पूर्वी यूपी में भी यही हाल रहेगा। आंधी चलेगी। बर्फीली हवाओं से गलन बनी रहेगी।
- 24 जनवरी : पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती हैं। कोहरा हल्का रहेगा। सर्द हवाएं भी चलेंगी।