पत्नी से तलाक लेंगे अखिलेश के सौतेले भाई प्रतीक यादव:अपर्णा के लिए इंस्टाग्राम पर लिखा- स्वार्थी महिला ने मेरा परिवार बर्बाद कर दिया

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक अपनी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव से तलाक लेंगे। प्रतीक ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपर्णा से रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा-
‘मैं इस स्वार्थी औरत से जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक रिश्ते बर्बाद कर दिए। इसका एकमात्र लक्ष्य है मशहूर और प्रभावशाली बनना। इस समय मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है। इसे कोई परवाह नहीं। इसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने कभी ऐसी बुरी आत्मा नहीं देखी। मेरा दुर्भाग्य था कि मैंने इससे शादी की।’
अपर्णा इस वक्त राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक (38) ने अपर्णा (36) से 14 साल पहले लव मैरिज की थी। प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। यानी, अखिलेश के सौतेले भाई। अपर्णा ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले अचानक सपा छोड़कर भाजपा जॉइन की थी।
प्रतीक का इंस्टाग्राम का पोस्ट…

अचानक तलाक की नौबत कैसे आई? सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक ने खुलेआम तलाक का ऐलान जरूर किया है। लेकिन दोनों के रिश्तों में खटास 3 साल पहले यानी 2022 से आ गई थी, जब प्रतीक की मर्जी के खिलाफ अपर्णा ने अचानक भाजपा जॉइन कर ली थी। प्रतीक ने 5 फरवरी 2025 को भी अपर्णा के खिलाफ सोशल मीडिया पर 3 पोस्ट किए थे, लेकिन बाद में उसे डिलीट कर दिया था। उन्होंने लिखा था-
- अपर्णा ने उनकी जिंदगी नरक बना दी। सबूत के साथ सभी को इस बारे में बताएंगे।
- अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी।
- अपर्णा की सच्चाई और अतीत मेरे अलावा कोई नहीं जानता। इसका साथ मत दीजिए। ये जो भी करती है पैसे और पावर के लिए करती है।
-
2011 में शादी हुई थी, 2 बेटियां हैं अपर्णा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। पूरा नाम अपर्णा बिष्ट था। शादी के बाद अपर्णा बिष्ठ यादव रख लिया। अपर्णा के पिता जर्नलिस्ट थे, बाद में राज्य सूचना आयुक्त बने। जबकि मां अम्बी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी रहीं हैं। अब माता-पिता दोनों रिटायर हो चुके हैं।
वहीं, प्रतीक मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के इकलौते बेटे हैं। साधना गुप्ता नर्स थीं। मुलायम सिंह ने सार्वजनिक तौर पर प्रतीक को अपना बेटा माना था। हालांकि, राजनीतिक उत्तराधिकारी अखिलेश यादव को बनाया था। अखिलेश, मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी के इकलौते बेटे हैं।
- दोनों की लव स्टोरी 2001 में शुरू हुई थी, जब एक बर्थडे पार्टी में ई-मेल एक्सचेंज के जरिए बात शुरू की। साल 2011 में दोनों ने शादी की। दोनों की 2 बेटियां हैं।
- अपर्णा की शादी सैफई (इटावा) में बहुत धूमधाम से हुई थी। हाई-प्रोफाइल शादी में लाखों मेहमान शामिल हुए थे। शादी समारोह में मुलायम सिंह यादव तो थे ही, बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी पहुंचे थे।