SOG ने वांटेड जूनियर इंजीनियर को किया अरेस्ट:लीक पेपर पढ़कर दिया था एग्जाम, लाखों रुपए कैश देकर खरीदा था

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 (JEN 2020) के पेपर लीक मामले में वांटेड जूनियर इंजीनियर को शनिवार सुबह अरेस्ट किया है। लीक पेपर पढ़कर आरोपी जूनियर इंजीनियर ने एग्जाम पास की थी। लाखों रुपए कैश में पेपर की डील कर खरीदा था। एसओजी की ओर से फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 का पेपर लीक होने पर जयपुर के सांगानेर थाने में FIR दर्ज हुई थी। पेपर लीक मामले की जांच एसओजी को सौंपी गई थी। एसओजी ने पिछले काफी समय से वांटेड आरोपी सुरेश कुमार बिश्नोई (29) निवासी चितलवाना जालौर को अरेस्ट किया है। वह बालोतरा के धोरीमन्ना में सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता के पद पर तैनात था। एसओजी की जांच करने का पता चलने पर आरोपी सुरेश कुमार बिश्नोई फरार हो गया। एसओजी की ओर से वांटेड आरोपी सुरेश कुमार की तलाश की जा रही थी।
एग्जाम से पहले लीक पेपर पढ़ा कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा-2020 का पेपर एग्जाम स पहले गणपत लाल मालवाडा से सौदा हुआ था। पेपर लीक के मास्टर माइंड जगदीश बिश्नोई गैंग की ओर से लीक पेपर भूपेन्द्र सारण से लेकर गणपतलाल मालवाडा ने आरोपी सुरेश कुमार को एग्जाम से पहले पढ़ाया था। एसओजी प्रारम्भिक पूछताछ में लाखों रुपए कैश देकर एग्जाम से पहले पेपर पढ़ना स्वीकार किया है। एसओजी की ओर से अब तक मामले में 43 आरोपियों को अरेस्ट किया जा चुका है।



