जयपुर

जयपुर के पास गांव में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई:उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद पायलट ने सुरक्षित उतारा

जयपुर में रविवार को एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। घटना जयपुर ग्रामीण के रायसर के पास स्थित वामनवाटी गांव की है। हेलिकॉप्टर के गांव में उतरते ही भीड़ लग गई। सैंकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।

एवन हेलिकॉप्टर के डायरेक्टर सोहन सिंह नाथावत ने बताया- हेलीकॉप्टर देहरादून से शनिवार शाम 4:30 पर जयपुर पहुंचा था। इसके बाद हेलिकॉप्टर में फ्यूल रिपेयरिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। रविवार सुबह मौसम साफ होने के बाद हेलिकाप्टर ने 11:02 से जयपुर के मलिकपुर स्थित हेलिपैड से भोपाल के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन उड़ान के कुछ देर बाद ही हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई।

इसके बाद रायसर के नजदीक एक गांव में हेलिकॉप्टर की पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग करवाई है। फिलहाल हमारी टीम हेलिकॉप्टर की तकनीकी खराबी की जांच में जुटी हुई है। इसके बाद एक बार फिर हेलिकॉप्टर को मलिकपुर लाया जाएगा। यहां से उसे दुरुस्त कर भोपाल भेजने की तैयारी है। यह हेलिकॉप्टर ढीलन एविएशन का बेल 206 L 4 कैटेगरी का है।

वामनवाटी गांव के खाली पड़े इलाके में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई।

पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा

हेलिकॉप्टर की लैंडिंग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने रायसर थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने एहतियातन हेलिकॉप्टर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर किया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित एजेंसियों और तकनीकी टीम को सूचना दे दी गई है। जो मौके पर पहुंचकर हेलिकॉप्टर की जांच और मरम्मत का काम करेंगी। स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा हादसा टला

गांव में अचानक हुई इस घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग से बड़ा हादसा टल गया, जिससे ग्रामीणों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button