मथुरा में ओले गिरे, गाजियाबाद में बूंदाबांदी:यूपी में मौसम पलटा, काशी में ठंड का 22 साल का रिकॉर्ड टूटा

यूपी में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह-सुबह मथुरा में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। गाजियाबाद और नोएडा में भी बूंदाबांदी हुई। बर्फीली हवाओं के साथ हुई बारिश ने ठंड और बढ़ा दी। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। इसके अलावा अयोध्या, झांसी, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, मेरठ समेत करीब 35 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई।
जनवरी में ठंड की बात करें तो काशी में 22 साल का रिकॉर्ड टूट गया। 24 घंटे में दिन का तापमान अचानक 9.5 डिग्री गिरा। अधिकतम तापमान 11.4°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 17 जनवरी 2003 में अधिकतम तापमान 11.6°C दर्ज किया गया था। इस बीच 33 जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात हैं। कोल्ड-डे में दिन का अधिकतम तापमान 16°C या उससे कम और सामान्य से 4-6°C कम पहुंच जाता है।
शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में अलीगढ़ सबसे ठंडा रहा। पारा 3.4°C रिकॉर्ड किया गया। मेरठ में पारा 4.3°C, रायबरेली में 4.4°C, बरेली-बाराबंकी और बिजनौर में 4.5°C और रहा। लखनऊ-कौशांबी-मेरठ में 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद हैं। बाकी कक्षाएं सुबह 10 से चलेंगी। इसके अलावा शाहजहांपुर में 12वीं तक स्कूल 14 जनवरी, मथुरा, प्रयागराज, बरेली-अंबेडकरनगर, कन्नौज, चंदौली में 10 जनवरी तक बंद हैं।
कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई सफर बुरी तरह प्रभावित हुआ। गोरखपुर, झांसी समेत तमाम रेलवे स्टेशन पर 70 ट्रेनें लेट हैं। बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल (02563) ट्रेन 27 घंटे लेट रही। वाराणसी एयरपोर्ट पर ब्लैक आउट जैसा मंजर रहा। वाराणसी पहुंचा इंडिगो का विमान करीब 70 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाता रहा। 10 और फ्लाइट्स को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। 12 उड़ानें कैंसिल करनी पड़ी।
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया –
बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से यूपी में ठंडी पछुआ हवा आ रही है। जनवरी के पहले हफ्ते प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड पड़ी। धूप बेअसर रही। जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। फिलहाल उत्तरी पंजाब में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में धीरे-धीरे बदलेगा। तीन दिन मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा। 11 जनवरी से कोहरे में कमी आ सकती है।

मौसम की तस्वीरें-




2 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
- 10 जनवरी: पूर्वी यूपी में घना कोहरा रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा रह सकता है। बर्फीली हवाओं से गलन बनी रहेगी।
- 11 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घने कोहरे से कुछ राहत मिल सकती है। कुछ जगहों में बादल छाए रहेंगे। तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। सर्द हवाएं ठंडक बनाए रखेंगी।