BJP अध्यक्ष के गनर ने दलित नेता पर कारबाइन तानी:अलीगढ़ में क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने भिड़े; बोले- दलित हूं इसलिए ऐसा हुआ


अलीगढ़ में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा के गनर ने दलित नेता पर कारबाइन तान दी। अनुसूचित जाति मोर्चा के महानगर महामंत्री राकेश सहाय ने बताया- राजीव शर्मा के गनर ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और बदतमीजी करने के साथ ही उन पर गनर तान दी।
इस घटना के बाद भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा-
‘हम दलित लोग हैं, हम पर कारबाइन भी तानी जाएगी, मुकदमे भी हो जाएंगे। सब काम हम पर ही होंगे। महानगर अध्यक्ष ने गनर को कार्यकर्ताओं पर जुल्म करने के लिए रखा हुआ है। वह उनका सुरक्षा गार्ड नहीं, हम सबसे बदतमीजी करने के लिए रखा गया है।’
दरअसल, बुधवार को सिविल थानाक्षेत्र के हैबिटेट सेंटर में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य पहुंचे थे। क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ सेल्फी को लेकर महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई थी।
उधर, महानगर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गनर के साथ हाथापाई हुई है। जबकि महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, लेकिन बार-बार धक्का देकर उन्हें रोका गया। गनर ने एक कार्यकर्ता पर कारबाइन तान दी।
विस्तार से पढ़िए पूरा मामला…
फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, हैबिटेट सेंटर के 5वें फ्लोर से ऑडिटोरियम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता राकेश सहाय और कुछ अन्य कार्यकर्ता पहुंच गए। उन लोगों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो लेने की कोशिश की लेकिन महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सबको धक्का देकर हटा दिया। चूंकि, कार्यक्रम शुरू होने वाला था इसलिए वहां से सब जल्दी-जल्दी मंच के पास पहुंच गए।
मंच पर गनर ने जाने से रोक दिया
मंच पर स्वागत होने लगा। जब राकेश सहाय, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा और गोरांग तिवारी, मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए आगे बढ़े तो महानगर अध्यक्ष के गनर ने उन्हें रोक दिया। यहां मंच के पास ही धक्का-मुक्की हो गई।
कुछ कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए गनर को कार्यक्रम से बाहर करने की बात कही। हालांकि, मामला किसी तरह शांत करा दिया गया।
कार्यक्रम खत्म होते ही मामला बिगड़ा
सम्मेलन समाप्त होने के बाद जब क्षेत्रीय अध्यक्ष नीचे आ रहे थे, तो उनके साथ फोटो खिंचवाने की फिर होड़ मच गई। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा और कार्यकर्ताओं में फिर धक्का-मुक्की हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष के जाते ही गनर और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ कहासुनी होने लगी।
इसी बीच गनर ने कारबाइन निकाल ली और दलित नेता राकेश सहाय पर तान दी। गनर की इस हरकत से कार्यकर्ता भड़क गए। हंगामा शुरू हो गया। हालांकि, अन्य सुरक्षाकर्मियों और नेताओं ने बीच-बचाव किया और मामले को किसी तरह शांत कराया।
राकेश सहाय बोले- हम दलित हैं…कारबाइन तो तन ही जाएगी
राकेश सहाय ने कहा- हम दलित लोग हैं, तो हमारे ऊपर कारबाइन भी तानी जाएगी और मुकदमे भी होंगे। सब काम हम पर ही होंगे। महानगर अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने गनर कार्यकर्ताओं पर जुल्म करने के लिए रखा हुआ है।
कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे। गनर महानगर अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए हैं। उन्हें मंच पर या पार्टी के कार्यक्रमों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है। जिसकी सुरक्षा में हैं, वहां ध्यान देना चाहिए।
महानगर उपाध्यक्ष ने कहा रिपोर्ट करेंगे महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल ने कहा- कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, लेकिन बार-बार धक्का देकर उन्हें रोका गया। विवाद के दौरान गनर ने एक कार्यकर्ता पर कारबाइन तान दी, जिस पर आपत्ति जताई गई।
इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा जा रहा है। मारपीट नहीं हुई है। केवल कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई।
गनर के साथ हाथापाई की गई महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा ने कहा-राकेश सहाय और उनके साथियों ने धक्का-मुक्की की थी। जब गनर ने उन्हें रोका, तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। इस घटना से पार्टी की छवि खराब हुई है।
गनर ने एसएसपी को लिखित शिकायत की
उधर, इस घटना के बाद आरोपी गनर अनूप कुमार ने एसएसपी नीरज जादौन से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।