KGMU में इंटर्न डॉक्टर ने नर्सिंग छात्रा से संबंध बनाए:एक डॉक्टर पहले से चल रहा फरार, दूसरा नया मामला आया

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में शादी का झांसा देकर रेप करने जैसा मामला अभी रुका नहीं था कि ऐसा ही एक और मामला आ गया है। ताजा मामले में नर्सिंग छात्रा ने इंटर्न डॉक्टर पर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इंटर्न डॉक्टर ने उसे शादी का झांसा दिया। उसके बाद फ्लैट पर बुलाकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
अब जब शादी करने की बात आई तो वह अपने वादे से मुकर गया। छात्रा ने जब उससे कहा कि पुलिस से शिकायत करेगी तो उसने भी धमकी दी कि उसके प्राइवेट फोटो वायरल कर देगा। पीड़िता ने कैसरबाग थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले एक लव जिहाद के मामले में आरोपी डॉक्टर रमीज नाइक फरार चल रहा है।
पीजी में रहती है छात्रा, दोस्ती से शुरू हुआ मामला
पीड़िता अलीगंज इलाके में एक पीजी में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई की तैयारी कर रही है। उसका आरोप है कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात कैसरबाग में रहने वाले मोहम्मद आदिल से हुई थी। आदिल ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर प्यार का इजहार कर शादी का वादा किया। उसके बाद संबंध भी बनाता रहा। वह मूल रूप से बरेली का रहने वाला है।
फ्लैट पर बुलाकर बनाए संबंध
छात्रा का कहना है कि आरोपी उसे अपने फ्लैट पर बुलाता था, जहां शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। पीड़िता के मुताबिक, शादी से इनकार करने के साथ ही आरोपी अब उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इससे परेशान होकर छात्रा ने पुलिस से शिकायत की।
डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी KGMU में इंटर्न है। आरोपी के बैकग्राउंड और ठिकानों की जांच की जा रही है। छात्रा का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा।
इससे पहले वाला मामला जानिए
17 दिसंबर KGMU में धर्मांतरण के दबाव के चलते एक लेडी रेजिडेंट डॉक्टर ने खुदकुशी की कोशिश की। मुस्लिम रेजिडेंट डॉक्टर, अपनी डॉक्टर गर्लफ्रेंड पर शादी के लिए धर्म परिवर्तन कराना चाहता था। युवती ने इनकार किया तो टॉर्चर करने लगा।
परिजन ने बताया- बेटी ने धर्म परिवर्तन से मना किया तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह डिप्रेशन में चली गई। हॉस्टल में दवाई का ओवरडोज लेकर जान देने की कोशिश की। दोनों एमडी पैथोलॉजी के स्टूडेंट हैं। युवक 2023 और युवती 2024 बैच की है।
इस मामले में पीड़िता सीएम योगी से मिल चुकी है। सीएम योगी ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। वहीं, आरोपी डॉक्टर लगातार फरार चल रहा है। KGMU लेवल पर एक टीम जांच कर रही है।