उत्तर प्रदेशप्रयागराज

यूपी मसूरी से ठंडा, नए साल पर बारिश होगी:20 जिलों में धूप नहीं निकली, तेजस जैसी VIP ट्रेनें 11 घंटे तक लेट

यूपी में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। अभी इससे राहत मिलने वाली नहीं है, क्योंकि नए साल पर बारिश के आसार हैं। इससे गलन और बढ़ेगी। आज सुबह से गोरखपुर, प्रयागराज, बलिया, कानपुर समेत 37 शहर कोहरे की चपेट में हैं। 20 से ज्यादा जिलों में अब तक धूप नहीं निकली है।

प्रदेश के 16 जिलों का तापमान शिमला (10°C) और मसूरी (8.9°C) से भी कम रहा। सोमवार की बात करें तो 25 से ज्यादा शहरों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4.4°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद फुरसतगंज (5.2°C), प्रयागराज (6.4°C) और इटावा-बाराबंकी (6.6°C) सबसे ठंडे रहे।

कोहरे के चलते लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 15 घंटे की देरी से चल रही हैं। तेजस एक्सप्रेस जैसी VIP ट्रेनें भी 11 घंटे लेट रहीं। वाराणसी समेत तमाम एयरपोर्ट्स पर 10 से अधिक फ्लाइटें भी कैंसिल कर दी गईं।

मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। लोगों को बेवजह यात्रा से बचने की सलाह दी है। कहा- जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ख्याल रखें।

भीषण ठंड को देखते हुए यूपी सरकार भी अलर्ट मोड में है। स्कूल-कॉलेजों में 1 जनवरी तक छुट्‌टी कर दी गई है। अफसरों को तत्काल फील्ड में उतरने के निर्देश दिए गए हैं। योगी ने कहा कि अधिकारी जमीनी हालात का जायजा लें और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

QuoteImage

पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण प्रदेश में सर्दी में कमी के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड और बढ़ेगी। 1 जनवरी को बारिश की संभावना है।

QuoteImage

मौसम की तस्वीरें-

आगरा में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण ताज व्यू पॉइंट से ताजमहल साफ नहीं दिखाई दे रहा है।
बदायूं में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
वाराणसी में तेज हवा की वजह से गलन बरकरार है। सड़कों से लेकर घाटों तक सन्नाटा पसरा हुआ है।

हार्ट के मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत बढ़ी

  • अस्पतालों में सर्दी-बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। हार्ट के मरीजों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। मरीज घबराहट, सीने में भारीपन और दर्द जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।
  • KGMU और लोहिया संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी में दिल के मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।
  • लारी कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या 400 के पास पहुंच गई है। लोहिया के कार्डियोलॉजी विभाग में 300 से अधिक मरीज रोज ओपीडी में पहुंच रहे हैं।

आलू और सरसों की फसलों पर खतरा

  • ठंड और कोहरे के असर से आलू और सरसों की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह तापमान गिरता रहा तो पैदावार कम हो सकती है।
  • कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की निगरानी बढ़ाने की सलाह दी है। कहा- कोहरे से फसलों में कीट और रोग बढ़ सकते हैं, इसलिए जिंक और क्लोरोपाइरीफॉस जैसी दवाओं का छिड़काव करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button