उत्तर प्रदेश

गर्लफ्रेंड को VIDEO कॉल कर छात्र ने फांसी लगाई:कानपुर में घरवाले बोले- लड़की धमकाती थी…शादी करो नहीं तो जहर खाकर फंसा दूंगी

कानपुर के 23 साल के छात्र ने गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल कर फांसी लगा ली। वह असम के डिब्रूगढ़ में सेना की तैयारी कर रहा था। 27 दिसंबर की शाम वह फंदे पर लटका मिला था। सोमवार देर रात शव कानपुर लाया गया। आज सुबह उसका अंतिम संस्कार हुआ।

दीपू यादव कानपुर के महाराजपुर में बंबुरिहा गांव का रहने वाला था। एक हफ्ते पहले 23 दिसंबर को गांव से असम गया था। बुआ ने कहा- दीपू का बंबुरिहा में रहने वाले सेना के जवान की बेटी से अफेयर था। इसे लेकर दीपू परेशान चल रहा था।

पूछने पर कहता- लड़की परेशान कर रही है। वह मुझसे कह रही थी कि शादी करो, नहीं तो मैं जहर खाकर जान दे दूंगी। तुम्हारे घरवालों को पुलिस केस में फंसवा दूंगी। लड़की के घरवालों को इस बारे में पता चला तो वे दीपू को धमकाने लगे। इसी डर से दीपू ने सुसाइड कर लिया।

बेटे के अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने महाराजपुर थाने में शिकायती पत्र देकर लड़की के परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया- जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना से जुड़ी ​​​​3 तस्वीरें देखिए-

महाराजपुर में बंबुरिहा गांव के दीपू यादव का मंगलवार को अंतिम संस्कार किया है।

असम से दीपू यादव का शव लाया गया। पास में मां-पिता बैठे रो रहे।

3 साल से अफेयर चल रहा था, 4 पॉइंट में पूरा मामला जानिए

  • बुआ ललिता देवी ने बताया- दीपू ने कानपुर के सरसौल से B.Sc की पढ़ाई की। 10 महीने पहले डिब्रूगढ़ में सेना की तैयारी करने गया। प्राइवेट कोचिंग में भी पढ़ाता था। परिवार में पिता राम सिंह यादव खेती करते हैं। मां मीरा यादव गृहिणी हैं। बड़ा भाई अस्मित सेना में है। छोटी बहन रेशू पढ़ाई कर रही है।
  • पिता राम सिंह यादव ने बताया- मेरा बेटा पढ़ाई में अच्छा था। तीन साल पहले उसकी लड़की से दोस्ती हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। जब लड़की के घरवालों को इसके बारे में पता चला तो वे दीपू को उससे दूरी बनाने को कहते थे। इसके बाद दीपू तनाव में रहने लगा था।
  • चचेरे भाई फूल सिंह ने बताया- 27 दिसंबर को दीपू को कॉल किया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। फिर दोस्तों को फोन किया। दोस्त मौके पर पहुंचे तो देखा कि दीपू का शव कमरे में मफलर से पंखे के सहारे लटका है। उन्होंने हमें जानकारी दी। इसके बाद हम लोग वहां पहुंचे।
  • पोस्टमॉर्टम के बाद सोमवार को शव लेकर कानपुर पहुंचे। मंगलवार सुबह दीपू की मौत के चौथे दिन अंतिम संस्कार किया गया। सोमवार देर रात परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। मंगलवार को लड़की और उसके घरवालों के खिलाफ शिकायत दी गई, इसके बाद अंतिम संस्कार हुआ।
दीपू की मौत के बाद गांव और रिश्तेदार की महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचीं।

दोस्त को बताया था तनाव की वजह दीपू के दोस्त शुभम साहू ने बताया- 6 साल से दीपू से दोस्ती थी। पिछले सप्ताह वह गांव आया था। मैं उसे लेने कानपुर रेलवे स्टेशन गया। तभी पता चला कि वह मानसिक रूप से परेशान है। पूछने पर बताया कि गर्लफ्रेंड लगातार परेशान कर रही है और शादी का दबाव बना रही है।

27 दिसंबर की शाम दीपू की गर्लफ्रेंड की सहेली का वॉट्सऐप मैसेज आया कि वह कॉल रिसीव नहीं कर रहा। मैंने भी कई बार कॉल की, लेकिन उसने उठाया नहीं। फिर उसके चचेरे भाई को फोन किया तो सुसाइड की जानकारी मिली!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button