उत्तर प्रदेश

अलाव में लकड़ी रख दी तो सीने में मारी गोली:कानपुर में बेटी बोली- मां को कैंसर, वो चल नहीं पाती; अब हमें कौन संभालेगा

कानपुर में शुक्रवार देर रात सिक्योरिटी गार्ड के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। साथी गार्ड ने ही बंदूक से वारदात को अंजाम दिया। निर्माणाधीन महर्षि महेश योगी कृषि विश्वविद्यालय में अलाव में लकड़ी रखने को लेकर झगड़ा हुआ। एक ने लकड़ी ले आई, जिसे दूसरे ने जला दिया। इसी बात पर झगड़ा हुआ।

इसी के बाद दोनों सिक्योरिटी गार्ड में मारपीट हुई और एक गार्ड ने दूसरे को गोली मार दी। घटना बिल्हौर थाना के गदनपुर आहार गांव की है। मृतक की पहचान निर्मल सिंह चंदेल उर्फ नीरज निवासी औरंगपुर सांभी गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

निर्मल सिंह चंदेल की पत्नी कैंसर बीमारी से जूझ रही हैं। छह महीने से वह चल नहीं पातीं, बिस्तर पर ही उनकी देखभाल करनी पड़ रही है। 12 साल की बेटी तनिष्का खुद रो-रोकर अपनी मां को चुप करा रही है। बेटी ने कहा- मां की दवाई के लिए पैसे नहीं थे, इसीलिए पापा दिन में देखभाल करते और रात में नौकरी करने लगे थे। अब मम्मी और मेरी देखभाल कौन करेगा, इलाज कौन कराएगा।

नीली शॉल ओढ़े रोती-बिलखती निर्मल सिंह चंदेल की मां राधा सिंह हैं। बेटे का नाम लेकर बुला रही हैं।

एक ने लकड़ी लाई तो दूसरे ने अलाव में रख दी औरंगपुर सांभी गांव निवासी 45 साल के निर्मल सिंह चंदेल उर्फ नीरज खेती के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। शुक्रवार रात करीब 2.30 बजे वह अन्य गार्डों के साथ अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी दूसरा सिक्योरिटी गार्ड अनिरुद्ध द्विवेदी निर्मल की लाई गई लकड़ियां अलाव में डालने लगा। निर्मल ने कहा- मेरी लाई लड़कियां क्यों जला दी। खुद क्यों नहीं लाते। बस इसी के बाद दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई।

सीने में मारी गोली, मौके पर ही गिर पड़े निर्मल झगड़ा इतना बढ़ गया कि अनिरुद्ध ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से निर्मल के सीने के बाईं ओर गोली मार दी। गोली लगते ही निर्मल जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। मौके पर मौजूद अन्य सिक्योरिटी गार्ड जब आरोपी को पकड़ने दौड़े तो वह गोली मारने की धमकी देते हुए जंगल की ओर फरार हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया सूचना पर पहुंची पुलिस घायल गार्ड निर्मल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर ले गई, जहां डॉक्टरों ने निर्मल को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

औरंगपुर सांभी गांव निवासी निर्मल सिंह चंदेल उर्फ नीरज की गोली मारकर हत्या की गई है। (फाइल फोटो)

निर्मल की पत्नी कैंसर से जूझ रही, चल नहीं पाती निर्मल परिवार में अकेला कमाने वाला था। घर में बुजुर्ग मां राधा सिंह, कैंसर पीड़ित पत्नी पुष्पा और 12 साल की बेटी तनिष्का हैं। पत्नी पिछले 5 साल से कैंसर से जूझ रही हैं। पिछले छह माह से दोनों पैर काम न करने के कारण असहाय हैं। निर्मल ड्यूटी के बाद पत्नी की सेवा में जुट जाते थे। अब निर्मल की हत्या के बाद परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पत्नी बेसुध हैं।

बेटी बोली- पापा दिन में बीमार मां की देखभाल करते, रात में ड्यूटी

बेटी तनिष्का ने बताया- मां की तबीयत खराब रहती है। दवा के लिए पापा नौकरी कर रहे थे।

बेटी तनिष्का ने बताया- पहले पापा खेती करते थे। बीमार मां की दवा के लिए पैसों की ज्यादा जरूरत पड़ने लगी तो नौकरी करना शुरू किया था। दिन में मां की देखभाल होती रहे, इसलिए रात की ड्यूटी करते थे। शाम को 6.30 बजे जाते थे। गांव के और लोग भी वहां नौकरी करते हैं, उन्हीं के साथ उनकी बाइक से ड्यूटी जाते थे। अब पापा नहीं रहे तो मां की देखभाल कैसी होगी। इलाज कौन कराएगा।

आरोपी की तलाश की जा रही

तस्वीर आरोपी अनिरुद्ध द्विवेदी की है। पुलिस हत्या के आरोपों में इसे ढूंढ रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button