उत्तर प्रदेश

कोहरे का रेड अलर्ट, हाईवे पर 20 गाड़ियां टकराईं:यूपी में आज भयंकर ठंड पड़ेगी, 26 फ्लाइट्स कैंसिल; कार नहर में गिरी

यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। सर्द हवाएं चल रही हैं। गोरखपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा समेत 30 जिलों में कोहरा छाया है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य रह गई। बुलंदशहर में कोहरे की वजह से एक के बाद एक 20 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। ऐसे ही प्रयागराज, प्रतापगढ़ और श्रावस्ती में भीषण सड़क हादसों में 10 लोग घायल हो गए।

इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए भयंकर ठंड की चेतावनी जारी की है। अयोध्या-सीतापुर समेत 23 जिलों में सीजन में पहली बार रेड अलर्ट है। लखनऊ-कानपुर समेत 31 जिलों में ऑरेंज और प्रयागराज समेत 14 जिलों में येलो अलर्ट है। धूप निकलने के चांस कम हैं। लोगों को बेवजह यात्रा बचने, बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है।

शुक्रवार की बात करें तो प्रदेश में शिमला (7.5°C), नैनीताल (8°C) और जम्मू (7.1°C) से भी ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई। इटावा का तापमान 6.2°C दर्ज किया गया। इटावा के बाद सोनभद्र और बाराबंकी 7°C के साथ दूसरे नंबर पर रहा। 7.1°C के साथ आगरा तीसरा और 7.2°C के साथ फतेहपुर चौथा सबसे ठंडा जिला रहा।

प्रयागराज, देवरिया समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें दो से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या समेत कई एयरपोर्ट्स से 26 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं, जबकि 20 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना हुईं।

आज कहां हादसे हुए, पॉइंट वार पढ़िए-

  • बुलंदशहर: बुलंदशहर के खुर्जा बाईपास पर घने कोहरे के चलते 10 से 20 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा कैलाश हॉस्पिटल के सामने हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ में आग लग गई। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
  • प्रयागराज: कौंधियारा में स्टेट हाईवे 30 पर कोहरे के चलते तीन वाहन टकरा गए। इससे हाईवे पर जाम लग गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और कंटेनर सड़क के बीचो-बीच फंस गए।
  • प्रतापगढ़: रोडवेज बस रायगढ़ चैन का पुरवा गांव के पास नहर में पलट गई। बस प्रयागराज से आ रही थी। हादसे में चालक समेत छह यात्री घायल हो गए।
  • श्रावस्ती: इकौना बौद्ध परिपथ नेशनल हाईवे पर दो प्राइवेट बसों में टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक घायल हो गया, जबकि 10 लोग जख्मी हुए। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
  • मऊ: मोहम्मदाबाद गोहना में दो ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। दो जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रकों को सड़क से हटाया गया।

मौसम की तस्वीरें देखिए-

गाजीपुर में कोहरे से कुछ राहत मिली, लेकिन पछुआ हवाओं के कारण गलन बरकरार रही। लोग ठंड से राहत के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

वाराणसी में हल्का कोहरा छाया हुआ है। ठंड और गलन से जनजीवन प्रभावित हैं। गंगा के घाट पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।

ठंड की वजह से पांच लोगों की मौत वहीं, फर्रुखाबाद में 52 साल के किसान हरनाथ सिंह की मौत हो गई। वे कादरी गेट थाना क्षेत्र के नगला कलार गांव के रहने वाले थे। फसल की सिंचाई के दौरान ठंड लगने से बेहोश हो गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रदेश में बीते एक हफ्ते में ठंड की वजह से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

चार दिनों तक ठंड और कोहरे का असर ज्यादा आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक ठंड और कोहरे का असर ज्यादा रहने वाला है। आज से यूपी में भीषण ठंड पड़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button