रांची

65 छात्रों का चयन किया, भुवनेश्वर बुलाकर रुपए ठगे:आईटीआई तुपुदाना में एक दिसंबर को फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक प्रा. लि. के नाम पर हुआ था प्लेसमेंट

भुवनेश्वर में कंपनी का नामो-निशान तक नहीं मिला नौकरी के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। राजधानी के आईटीआई तुपुदाना में प्लेसमेंट एजेंसी ने 65 छात्रों का चयन किया। उन्हें ओडिशा के भुवनेश्वर बुलाया गया। एक होटल में हर छात्र से एक साल के रूम रेंट के नाम पर छह हजार रुपए की वसूली की गई। फिर छात्रों से ऑफर लेटर वापस लेकर एक रसीद थमा दी गई। इसके बाद प्लेसमेंट टीम गायब हो गई। यही नहीं, जिस कंपनी के नाम पर छात्रों का चयन किया गया, उसका भुवनेश्वर में कोई कार्यालय या यूनिट ही नहीं है।

छात्रों को यह कहकर बुलाया गया था कि कंपनी की नई शाखा भुवनेश्वर के मंचेश्वर क्षेत्र में खुल रही है। जबकि वहां इसका कोई नामोनिशान नहीं मिला। छात्रों को आने-जाने पर भी करीब पांच हजार रुपए खर्च करना पड़ा। इस तरह सभी 65 छात्रों को करीब 11-11 हजार रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। जब कंपनी का पता नहीं चला तो छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने एक होटल को 47 हजार रुपए और दूसरे होटल को 34 हजार रुपए का भुगतान किया। यही नहीं, हर छात्र को 3000-3000 रुपए भी दिए, ताकि वे घर लौट सकें। इस प्रकरण में आईटीआई तुपुदाना के डायरेक्टर और प्रिंसिपल से संपर्क करने की कई बार कोशिश की। दर्जनों बार फोन लगाया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया।

होटल में पैसे वसूलकर फर्जी कंपनी का प्रतिनिधि फरार- दो होटलों में बुलाया, कहा- बाहर न निकलें चयनित छात्र 15 दिसंबर को भुवनेश्वर रवाना हुए। 16 दिसंबर को स्टेशन पर शुभम मिला। वह छात्रों को भुवनेश्वर के डॉल्फिन रेस्टोरेंट और होटल ताज में ले ​गया। छात्रों से कहा गया कि वे एक महीने तक होटल से बाहर न निकलें। रहने और खाने का खर्च कंपनी उठाएगी। इसी बीच 17 दिसंबर की सुबह 4:30 बजे कंपनी के नाम से बने वॉट्सएप ग्रुप में मैसेज आया कि शुभम का एक्सीडेंट हो गया है। इसलिए अब 15 जनवरी को ज्वा​इनिंग होगी। इसके बाद शुभम का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।

कंपनी के पते पर पहुंचे तो वह फर्जी मिला शुभम का मोबाइल बंद होने के बाद छात्र भुवनेश्वर स्थित कंपनी के पते पर पहुंचे तो पता चला कि भुवनेश्वर में उस कंपनी का कोई अस्तित्व ही नहीं है। जिस शाखा के खुलने की जानकारी दी गई थी, उसका न तो कोई पंजीकरण है, न ऑफिस और न औद्योगिक ईकाई। इसके बाद छात्रों को महसूस हुआ कि वे ठगे गए हैं। इसके बाद छात्रों ने भुवनेश्वर के कैपिटल थाने में शिकायत दर्ज कराई।

28,750 रुपए वेतन का मिला था ऑफर लेटर छात्रों के मुताबिक एक दिसंबर को आईटीआई तुपुदाना परिसर में मशीन ऑपरेटर पद के लिए प्लेसमेंट का आयोजन किया गया था। प्लेसमेंट फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक प्रा. लि. के नाम पर हुआ। कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में शुभम और उसका साथी मौजूद था। इंटरव्यू के बाद 65 छात्रों का चयन किया गया। इनमें आईटीआई तुपुदाना के साथ ही आईटीआई रामगढ़ के भी छात्र हैं। इन सभी को 28,750 रुपए मासिक वेतन का ऑफर ​लेटर दिया गया। कार्यस्थल भुवनेश्वर के पास मंचेश्वर बताया गया और 17 दिसंबर को योगदान देने को कहा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button