उत्तर प्रदेश

झांसी में प्लास्टिक स्क्रैप फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 मजदूर अंदर सो रहे थे, 10 घंटे से धधक रही आग

झांसी में प्लास्टिक स्क्रैप फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटे 60 फीट ऊंची उठने लगी। घटना के समय फैक्ट्री में 3 मजदूर सो रहे थे। तीनों भागकर फैक्ट्री के बाहर निकले, तब उनकी जान बच सकी।

आग बुझाने के लिए झांसी फायरबिग्रेड के साथ बीएचईएल, पारीछा प्लांट और आर्मी की दमकल गाड़ियां बुलाई गई। लगभग 15 दमकल गाड़ियों ने बारी-बारी से 70 फेरे लगाकर पानी डाला। तब जाकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। मगर 10 घंटे बाद भी फैक्ट्री के अंदर आग धधक रही है। मालिक बोला- लगभग 6 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

10 घंटे बाद भी फैक्ट्री के अंदर आग धधक रही।

अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए रेट गिरने से डेढ़ साल से माल नहीं बेचा सीपरी बाजार में नंदनपुरा निवासी साजिद खान पुत्र गफ्फार खान ने बताया- मैं प्लास्टिक स्क्रैप का काम करता हूं। लगभग 5 साल पहले बिजौली के औद्योगिक एरिया में किराए की बिल्डिंग में फैक्ट्री खोली थी। यहां मशीन से पुरानी प्लास्टिक काटकर ठोस माल बनाते थे।

फिर दिल्ली, कानपुर, इंदौर बेचा करते थे। रेट गिरने की वजह से लगभग डेढ़ साल से माल नहीं बेच रहे थे। फैक्ट्री में लगभग 4 से 5 करोड़ का माल रखा हुआ था। शनिवार शाम करीब 7 बजे फैक्ट्री से घर गया था।

फोन आने पर नींद खुली साजिद ने आगे बताया- फैक्ट्री में सुजीत, मनीष और टुन्ना नाम के 3 वर्कर रहते थे। तीनों रात को खाना खाकर सो गए। देर रात लगभग 2:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटे 50 से 60 फीट ऊंची उठने लगी। यह देखकर आसपास की फैक्ट्री वाले आ गए।

आग देखकर सुजीत की नींद खुल गई। उसने टुन्ना और मनीष को जगाया। तब तीनों बाहर आ गए। बाहर पुलिस और काफी लोग मौजूद थे। मुझे 3 बजे कॉल आया तो हम लोग भी आ गए। तब तक दमकल आ चुकी थी। आग से लगभग 6 रुपए का नुकसान हुआ है।

प्लास्टिक फैक्ट्री में जला स्क्रैप का सामान।

बिजली कनेक्शन तक नहीं था साजिश ने बताया- फैक्ट्री के अंदर बिजली कनेक्शन तक नहीं था। हम लोग जनरेटर चलाकर मशीन चलाया करते थे। ऐसे में शॉर्ट सर्किट की कोई गुंजाइश नहीं है। पास में फैक्ट्री में जरूर बेल्डिंग का काम होता है। उसी तरफ से आग लगी है। हालांकि आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया।

साजिद के भाई जाकिर ने बताया- फैक्ट्री लगभग 30 हजार वर्कफीट में बनी है। इसमें 10 से 15 फीट ऊंचाई तक माल रखा था। आग इतनी भीषण थी कि एक किलोमीटर दूर से नजर आ रही थी। पूरा माल पिघलकर खराब हो गया। लगभग 60 से 70 दमकल गाड़ियों ने आग बुझाई है। बगल की फैक्ट्री से भी पानी लिया है।

50 से अधिक टैंकर पानी लगा फायर ब्रिगेड अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हमको लगभग ढाई बजे सूचना मिली थी कि बिजौली चौकी के पास प्लास्टिक स्क्रैप की फैक्ट्री में आग लगी है। इस सूचना पर हमारे जनपद की 5 गाड़ियां, बीएचईएल, पारीछा प्लांट और आर्मी की दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।

यहां पीताम्बरा प्रिंटिंग प्रेस की फैक्ट्री में पानी भरने का टैंक है। उससे लगातार पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। अब लगभग आग बुझ चुकी है। लगभग 10 से ज्यादा गाड़ियां लगी हुई थी। आग बुझाने में लगभग 50 से अधिक टैंकर पानी लग चुका है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button