उदयपुरभोपालमध्य प्रदेश

भांडेर में पूर्व पार्षद जाहिद उद्दीन ने की आत्महत्या

घर में फांसी पर लटका मिला शव

स्टार इंडिया न्यूज प्रतिनिधि। दतिया के भांडेर में 80 वर्षीय पूर्व पार्षद व कांग्रेस नेता जाहिद उद्दीन सिद्दीकी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से मिले सुसाइड नोट में ग्रामीण बैंक कर्मचारी पर मानसिक प्रताड़ना और फर्जी ऋण से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। पुलिस जांच जारी है।भांडेर निवासी 80 वर्षीय पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता जाहिद उद्दीन सिद्दीकी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पेशे से नोटरी वकील थे और सामाजिक व राजनीतिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे।घटना सोमवार अलसुबह की बताई जा रही है। सुबह लगभग 8 बजे उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने जाहिद उद्दीन को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन ने तत्काल भांडेर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची |

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फंदे से उतारा। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया है। सुसाइड नोट में जाहिद उद्दीन सिद्दीकी ने मप्र ग्रामीण बैंक के कर्मचारी लक्ष्मीनारायण नामक व्यक्ति को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है।सुसाइड नोट के अनुसार, लक्ष्मीनारायण ग्रामीण बैंक में कार्यरत है और उसने जाहिद उद्दीन से कई शपथ पत्र बनवाए थे, जिनका बाद में कथित रूप से गलत उपयोग किया गया।सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन शपथ पत्रों के आधार पर बैंक से फर्जी ऋण केसीसी लिए गए, जिसे लेकर बैंक कर्मचारी लक्ष्मीनारायण, जाहिद उद्दीन सिद्दीकी पर दबाव बना रहा था।

इससे वह मानसिक तनाव और परेशानी का सामना कर रहे थे। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस के अनुसार मृतक की कोई संतान नहीं थी।भांडेर थाना प्रभारी ने बताया कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप गंभीर हैं और उनकी गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित लोगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button