
स्टार इंडिया न्यूज प्रतिनिधि राजस्थान,कोटा । रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां मां की मौत के बाद मामा की छत्रछाया में पले भांजे ने ही मामूली विवाद में उनकी हत्या कर दी। नॉन-वेज बनाने को लेकर हुए झगड़े ने इतना घातक रूप ले लिया कि 4 युवकों ने मिलकर नवनीत सोनी की पीट-पीटकर जान ले ली।रामगंजमंडी शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तीन दिन पूर्व नवनीत सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के भांजे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी मनोज सिंह सिकरवार ने बताया कि शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 5 दिसंबर को युवक नवनीत सोनी की मृत्यु हो गई थी। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक का अंतिम संस्कार करने की तैयारी चल रही थी तभीपुलिस को संदिग्ध मौत की सूचना मिली।
पुलिस मकान पर पहुंची और मृतक नवनीत सोनी के शव को देखा, उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उसकी हत्या प्रतीत हो रही थी। शव को कब्जे में लेकर चिकित्सालय स्थित मोर्चरी में रखवाया। मृतक के शरीर की फोटोग्राफी वीडियोग्राफी करवा कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।



