भाजपा मंडल अध्यक्ष के भतीजे की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
हत्या करने के बाद आरोपी और उनके साथी शराब पीते रहे और बारात में शामिल होकर नाच-गाना कर जश्न मनाते रहे |

स्टार इंडिया न्यूज प्रतिनिधि सागर | आरोपी प्रेम नट और नरेश नट अपने नाबालिग साथियों के साथ शराब पी रहे थे, तभी प्रमोद से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर प्रेम नट ने 30 सेंटीमीटर लंबे दांतेदार चाकू से प्रमोद के सीने पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सागर जिले के खिमलासा भाजपा मंडल अध्यक्ष चित्तर सिंह राजपूत के भतीजे प्रमोद राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग हैं। सभी आरोपी सागर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और घटना वाले दिन नरयावली से ग्राम गुनगी आई एक बारात में शामिल होने आए थे। प्रमोद की हत्या करने के बाद भी बेखौफ रहे आरोपी जानकारी के मुताबिक, हत्या करने के बाद आरोपी और उनके साथी शराब पीते रहे और बारात में शामिल होकर नाच-गाना कर जश्न मनाते रहे। इसके बाद आरोपी गांव में छिपे रहे, जबकि पुलिस को लगभग 24 घंटे तक उनकी तलाश करनी पड़ी। चूंकि यह मामला भाजपा नेता के परिजन से जुड़ा था, इसलिए खिमलासा थाना पुलिस के साथ-साथ भानगढ़, आगासौद और सिविल लाइन थाना पुलिस भी जांच में शामिल हुई। संयुक्त कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को पकड़ा गया। खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जबकि दो नाबालिगों को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।


