जयपुरदेशराजस्थान

लड़के लड़कियां बनकर कालबेलिया ड्रेस में कर रहे डांस:रिसोर्ट में शराब परोस रहे, समाज बोला- शर्म आनी चाहिए, कार्रवाई हो

देश-दुनिया में पहचान बनाने वाले कालबेलिया डांस और इसकी ड्रेस को लेकर राजस्थान में विवाद शुरू हो गया है। जैसलमेर के कई रिसॉर्ट में इस ड्रेस को पहनकर अश्लील गानों पर डांस किया जा रहा है। इतना ही नहीं कालबेलिया डांस के नाम अश्लीलता के साथ टूरिस्ट को शराब परोसी जा रही है।

कालबेलिया समाज ने आरोप लगाया- लड़कों को कालबेलिया समाज की ड्रेस पहनाकर आइटम सॉन्ग पर डांस करवाया जा रहा है। समाज की महिला कलाकारों ने इसे बंद करने की मांग की। साथ ही चेताया कि चाहे इसे धमकी समझे या हमारा निवेदन, ये बंद नहीं हुआ तो कानूनी कार्रवाई होगी।

पढ़िए कहां से शुरू हुआ ये विवाद..

कालबेलिया की ड्रेस पहन इस तरह से शराब परोसने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ा है।

दरअसल, दिसंबर से फरवरी में जैसलमेर में टूरिस्ट सीजन माना जाता है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने यहां बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं। कुछ रिसॉर्ट में यहां कालबेलिया डांस होता है, जो इसी समाज की महिलाओं-लड़कियों की ओर से किया जाता है।

पिछले कुछ महीने से सोशल मीडिया पर जैसलमेर के सम में बने कुछ रिसॉर्ट में कलाकारों के अश्लील डांस के वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। कई वीडियो में लड़के कालबेलिया ड्रेस में लड़की बन डांस कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इसमें कुछ समाज की लड़कियां भी है, जो इस तरह के डांस काे प्रमोट कर रही है। इसी से कालबेलिया समाज की कलाकारों में नाराजगी है।

समाज का कहना है कि कालबेलिया ड्रेस और डांस के नाम अश्लील डांस, गंदे इशारे और हाथों से शराब परोसने की हरकतें एक तरह का मुजरा है, जिसका कालबेलिया कला से कोई रिश्ता नहीं है।

इनका कहना था कि इसे लेकर पहले भी इन्हें चेतावनी दे चुके थे, लेकिन इसके बाद भी फॉलोवर्स बढ़ाने और पैसों के लिए कालबेलिया समाज की ड्रेस और इसके डांस को बदनाम किया जा रहा है।

कालबेलिया ड्रेस में अश्लील डांस, लोग हाथों से पिला रहे हैं शराब टूरिस्ट की बुकिंग के लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के वीडियो शेयर ​किए जा रहे हैं।

एक वीडियो में कलाकार ने कालबेलिया कम्युनिटी की ड्रेस पहन रखी और हाथ में शराब की बोतल है। सामने बैठे टूरिस्ट को डांस करते हुए शराब पिलाई जा रही है।

इतना ही नहीं डिप्रेशन भगाने और पैसों के नाम पर अश्लील डांस के वीडियो बनाकर शेयर कर यहां के टूरिज्म को प्रमोट किया जा रहा है।

सम में स्थित रिसॉर्ट में इस तरह से डांस किया जा रहा है। समाज के लोगों की आपत्ति है कि कालबेलिया डांस और ड्रेस जिसे दुनियाभर में पहचान मिली उसके साथ ऐसा होना शर्म की बात है।

अब जानें क्या है कालबेलिया डांस, पद्मश्री भी मिल चुका

पारंपरिक कालबेलिया नृत्य अपनी गरिमा, तेजी, और सांप की तरह लयबद्ध गति (नागिन डांस) के लिए जाना जाता है। जिसे देखने के लिए दुनिया भर से कला प्रेमी जैसलमेर आते हैं।

यह नृत्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कालबेलिया समुदाय की पहचान, इतिहास और आजीविका का आधार है। यूनेस्को ने 2010 में इसे विश्व की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल कर इसे वैश्विक सम्मान दिया था।

इसके साथ ही जानी-मानी कालबेलिया डांसर गुलाबो सपेरा को इस डांस को विश्व में लोकप्रिय बनाने के लिए 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

इस डांस को बीन, डफरी, खंजरी, मोरचंग और ढोलक जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट के साथ किया जाता है।

महिला कलाकार बोलीं- ऐसे डांस करने वालों को शर्म आनी चाहिए

कालबेलिया डांसर खातू सपेरा बोलीं- कालबेलिया डांस और ड्रेस ये हमारे समुदाय को विरासत में मिली है। जितने भी डांसर है, उनसे निवेदन है कि ये ड्रेस पहनकर लड़के या लड़की गंदे डांस न करें।

यदि आपको कालबेलिया डांस करना है तो इसका मान-सम्मान रखे। यदि आप प्यार से समझते है तो ठीक है नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस ड्रेस को पहनकर शराब की बोतलों के साथ आइटम सॉन्ग कर रहे हैं, ऐसा न करें।

जैसलमेर डीएसपी सिटी रूप सिंह इंदा ने बताया- हमने इस मामले की जांच की है। ये वीडियो पुराने है। अभी ऐसा कुछ नहीं चल रहा है। हमने फिर भी रिसॉर्ट प्रबंधन और संबंधित लोगों को हिदायत दे दी है कि वे भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत न करें, जिससे स्थानीय संस्कृति और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।

रिसॉर्ट में बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही है तो पुलिस और आबकारी विभाग दोनों मिलकर नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई करेंगे।

क्यों फेमस है सम और यहां की टेंट सिटी

जैसलमेर की सैम टैंट सिटी केवल लग्जरी आवास तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थानी संस्कृति, रोमांचक गतिविधियों और राजस्थानी खाने का पैकेज टूरिस्ट को दिया जाता है।

इसके साथ ही यहां की कैमल राइड, सम की टीलों पर एडवेंचर एक्टिविटी और सन सेट खास माना जाता है। शाम के बाद यहां के रिसॉर्ट में कालबेलिया डांस होता है। इसमें राजस्थानी कल्चर को ​दिखाया जाता है।

15 दिसंबर के बाद यहां टूरिस्ट की संख्या बढ़ती जाती है। खासतौर पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान यहां काफी भीड़ रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button