हंतावायरस को लेकर बढ़ रही चिंता:डॉक्टर से जानें यह बीमारी कैसे फैलती है, किन्हें ज्यादा खतरा, आप क्या सावधानियां बरतें

अप्रैल 2026 में पश्चिम अफ्रीका के पास ‘एमवी होंडियस क्रूज’ शिप पर ‘हंतावायरस’ के संक्रमण के बाद दुनियाभर में इस बीमारी को लेकर चिंता बढ़ गई है। जहाज पर कई लोग बीमार पड़े। इनमें कुछ की मौत भी हुई।
अब स्पेन में हंतावायरस का दूसरा मामला भी उन स्पेनिश यात्रियों में मिला है, जिन्हें अप्रैल में उस क्रूज जहाज पर बीमारी फैलने के बाद बाहर निकाला गया था।
अमेरिका के ‘नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ हेल्थ ‘के मुताबिक, दुनियाभर में हर साल हंतावायरस के करीब 1-2 लाख मामले सामने आते हैं। इनमें से ज्यादातर यूरोप और एशिया के होते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, हंतावायरस के कारण अमेरिका में 50% मामलों में मौत हो जाती है। जबकि एशिया में डेथ रेट 15% तक है। ज्यादातर केस में मौत 6 हफ्तों के अंदर हो जाती है।

- हंतावायरस के क्या लक्षण हैं?
- इसका क्या इलाज है?
- इससे बचाव के क्या उपाय हैं?
सवाल- हंतावायरस क्या है?
जवाब- हंतावायरस एक वायरस ग्रुप है, जो मुख्य तौर पर संक्रमित चूहों और अन्य रोडेंट्स के यूरिन, मल या लार के संपर्क से मनुष्यों में फैल सकता है। अलग-अलग देशों में इसके अलग स्ट्रेन पाए जाते हैं। इसके संक्रमण से व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हो सकता है।
सवाल- किन देशों में हंतावायरस का रिस्क ज्यादा है?
जवाब- इसका रिस्क पूरी दुनिया में एक जैसा नहीं है। सबसे ज्यादा रिस्क उन देशों और क्षेत्रों में होता है, जहां रोडेंट्स (चूहे, गलहरी आदि) ज्यादा पाए जाते हैं
सवाल- विदेश यात्रा कर रहे लोगों को इसका खतरा क्यों ज्यादा होता है?
जवाब- ऐसा इसलिए, क्योंकि अमेरिका और यूरोप के कई देशों में हंतावायरस का रिस्क है। जो लोग इन देशों में घूमने जा रहे हैं, उन्हें ज्यादा रिस्क हो सकता है। घूमने गए लोग कैंपिंग, ट्रैंकिंग करते हैं तो रिस्क ज्यादा होता है।
इन एक्टिविटीज से बढ़ता हंतावायरस का रिस्क-
- कैंपिंग या ट्रैकिंग करना।
- पुराने या बंद पड़े होटल/केबिन में ठहरना।
- ग्रामीण इलाकों में यात्रा।
- रोड ट्रिप और टेंट स्टे।
- अनहाइजेनिक जगहों पर ठहरना।
सवाल- क्या यह इंसान से इंसान में फैल सकता है?
जवाब- यह वायरस आमतौर पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता है। हालांकि, साउथ अमेरिका के कुछ स्ट्रेन्स में इंसान से इंसान में संक्रमण देखा गया है।
सवाल- हंतावायरस के शुरुआती लक्षण क्या हैं? कैसे जानें कि ये गंभीर हैं?
जवाब- हंतावायरस के शुरुआती लक्षण सामान्य संक्रमण जैसे दिख सकते हैं। इसलिए शुरुआत से ही निगरानी जरूरी है।



