IPL 2026 का 66वां मुकाबला आज गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा

IPL 2026 का 66वां मुकाबला आज गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
चेन्नई के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। टीम ने 13 मैच में 6 मुकाबले जीते हैं और 12 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल के छठे स्थान पर है। उसे प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए हर हाल में जीत चाहिए।
दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। टीम ने 13 में से 8 मुकाबले जीते हैं और 16 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है।

हेड-टू-हेड में गुजरात आगे
IPL में दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। गुजरात और चेन्नई के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें गुजरात ने 5 मैच जीते, जबकि चेन्नई को 4 मैचों में जीत मिली है।
इस सीजन दोनों टीमों के बीच 26 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में पहली भिड़ंत हुई थी। उस मैच में गुजरात ने चेन्नई को 8 विकेट से हरा दिया।
साई सुदर्शन गुजरात के टॉप स्कोरर
गुजरात के लिए इस सीजन में साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक खेले 13 मैचों में 554 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 157.83 का रहा है।
वहीं गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने 13 मैचों में 9.22 की इकोनॉमी से रन देते हुए 21 विकेट चटकाए हैं। 25 रन देकर 3 विकेट उनका बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस है।



