MP में भीषण गर्मी से 2 की मौत..लू की आशंका:नौगांव में पारा 47 डिग्री, भोपाल, इंदौर में तेज गर्मी से बाजार-सड़कें सूनी, ड्रोन

मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है और इसका असर अब जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को प्रदेश में तेज गर्मी और लू जैसे हालात के बीच दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को हीट स्ट्रोक यानी लू लगने की आशंका जताई गई है।
राजधानी भोपाल और इंदौर में दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजार और सड़कें सूनी नजर आईं। दोनों शहरों के ड्रोन VIDEO में भी सड़कों पर आवाजाही कम दिखी। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन प्रदेश में भीषण गर्मी और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। कई शहरों में लू जैसे हालात बने हुए हैं और फिलहाल राहत के संकेत नहीं हैं।
सतना: खरीदारी करने पहुंचे शख्स की तबीयत बिगड़ी सतना के मझगवां बाजार में खरीदारी करने पहुंचे 50 वर्षीय देवराज सिंह गोंड की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के समय इलाके में तापमान 45 डिग्री के पार था। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है, हालांकि लू लगने की आशंका जताई जा रही है।
टीकमगढ़ में बस में महिला बीमार, अस्पताल में मौत वहीं, टीकमगढ़ में ओरछा से आ रही एक यात्री बस में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक शुरुआती तौर पर मामला हीट स्ट्रोक यानी लू से जुड़ा लग रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी।

नौगांव में पारा 47 डिग्री, खजुराहो से भी गर्म प्रदेश में तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। छतरपुर के नौगांव में मंगलवार को पारा रिकॉर्ड 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो खजुराहो से भी ज्यादा रहा। खजुराहो में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में 22 शहर ऐसे रहे, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार नौगांव और खजुराहो के बाद दतिया तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री, शाजापुर, टीकमगढ़, गुना और सागर में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
ग्वालियर में पहली बार पारा 45 डिग्री प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर में सीजन में पहली बार तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा। जबलपुर में 44.6 डिग्री, भोपाल में 44.2 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री और इंदौर में 43.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।



