कल सुबह 10 बजे सतीशन सरकार की शपथ;केरलम में CM समेत 21 मंत्री बनेंगे, सभी नाम फाइनल:इनमें कांग्रेस के 12, IUML के 5 विधायक
केरलम में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की नई सरकार में CM समेत 21 मंत्री बनेंगे। शपथ ग्रहण से पहले रविवार को 20 मंत्रियों के नाम फाइनल हुए।
इनमें CM के अलावा 11 और मंत्री कांग्रेस से हैं। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के 5 विधायकों को कैबिनेट में जगह दी गई है। केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (जैकब), रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) और CMP (कम्युनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी) से 1-1 मंत्री बनेंगे।
IUML के मुताबिक पार्टी विधायक परक्कल अब्दुल्ला को 2.5 साल बाद कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। हालांकि पार्टी ने यह नहीं बताया कि अब्दुल्ला को शामिल करने के लिए क्या किसी मंत्री को हटाया जाएगा।
UDF ने कांग्रेस विधायक तिरुवंचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनीमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाने का फैसला किया है। सतीशन ने कहा कि कैबिनेट में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है। शपथ ग्रहण 18 मई को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे से होगा।

14 मई: केरलम के नए सीएम के लिए सतीशन के नाम का ऐलान
कांग्रेस ने केरलम के चुनाव नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद 14 मई को ऐलान किया था कि 61 साल के वीडी सतीशन राज्य के नए सीएम होंगे। वह पारावूर सीट से विधायक हैं।
घोषणा के बाद सतीशन 14 मई को ही केरलम के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
कांग्रेस नेता दीपा दासमुंशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था तिरुवनंतपुरम में 7 मई को मीटिंग की थी। पार्टी अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी से चर्चा के बाद तय किया गया कि केरलम CM वीडी सतीशन होंगे।
नाम के ऐलान होने का बाद सतीशन ने कहा था कि मैं इस पद को निजी उपलब्धि नहीं बल्कि दैवीय कृपा मानता हूं। मैं वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला समेत सभी नेताओं को अपने विश्वास में लूंगा।
सीएम के लिए 3 नेताओं का नाम था, सतीशन चुने गए
- मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला का नाम चल रहा था। रिजल्ट के बाद केरलम कांग्रेस अलग-अलग गुटों में बंटी रही। एक धड़ा सतीशन के समर्थन में था, जिन्हें नई पीढ़ी और आक्रामक विपक्षी चेहरा माना जाता है।
- दूसरा धड़ा वेणुगोपाल और चेन्निथला के पक्ष में था। दावा किया जा रहा था कि ज्यादातर विधायक वेणुगोपाल के समर्थन में थे। वेणुगोपाल को केंद्रीय नेतृत्व का करीबी नेता माना जाता है, जबकि सतीशन का मजबूत जनाधार था। वेणुगोपाल को सीएम न बनाने के लिए पोस्टर भी लगाए गए थे।
- कांग्रेस समर्थकों ने सतीशन के सीएम बनाने के समर्थन में वायनाड में पोस्टर लगाए गए थे। इनमें लिखा था- राहुल और प्रियंका वायनाड को भूल जाओ, यहां फिर नहीं जीतोगे। वायनाड अगला अमेठी होगा। समर्थकों ने हाईकमान को चेताया है कि केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाया, तो ठीक नहीं होगा।

केरलम में पार्टी ने 140 में से 102 सीटें जीतीं
केरलम में UDF ने 140 में से 102 सीटें जीती हैं। इनमें कांग्रेस की 63 सीटें हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस विधायकों की बैठक में 75-80% विधायकों ने केसी वेणुगोपाल को समर्थन दिया था। वीडी सतीशन को महज 6 विधायकों का समर्थन मिला था।
हालांकि, बैठक के बाद तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने सतीशन के नाम का समर्थन किया था। इसके अलावा UDF के सहयोगी दल IUML और केरलम कांग्रेस (जोसेफ) ने खुले तौर पर सतीशन को समर्थन किया।



