SMS में एक बुजुर्ग मरीज की तड़प-तड़प कर मौत हुई:डॉक्टर्स का आरोप- परिजन ने हमला करने के लिए चाकू उठाया; परिवार ने बदसलूकी का आरोप लगाया

जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में आज एक बुजुर्ग मरीज की दर्द से तड़प-तड़प कर मौत के बाद हंगामा हो गया। मरीज के परिजनों ने रेजिडेंट डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ पर समय पर इलाज नहीं देने और बदसलूकी करने का आरोप लगाया। वहीं, स्टाफ ने मरीज के परिजनों पर हंगामा करने, मारने के लिए वार्ड में चाकू उठाने और वीडियो बनाने का आरोप लगाया।
दरअसल, किशनलाल (69) निवासी खैरथल-तिजारा को पैरों में दर्द होने पर परिजन रात करीब 12 बजे SMS की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद भी कोई राहत नहीं मिली तो उन्हें देर रात कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) वार्ड में भर्ती किया।
यहां भर्ती होने के बाद मरीज की जांचें हुईं। जहां पता चला कि मरीज के पैरों की नसें ब्लॉक हैं। इस दौरान मरीज सुबह तक दर्द से तड़पता रहा। लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। इलाज के लिए परिजन बार-बार रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ से गुहार लगाते रहे। लेकिन उन्होंने भी कोई सुनवाई न करते हुए सीनियर डॉक्टर के आने के बाद ही आगे का इलाज होने की बात कही।
दर्द से कहराते हुए मरीज की मौत, नहीं मिला इलाज

सुबह तक तेज दर्द से कहराते हुए बुजुर्ग मरीज ने आखिरकार दम तोड़ दिया। इसके बाद मरीज के परिजन गुस्सा हो गए, जिसके बाद उनकी स्टाफ से बहस हो गई। तभी मरीज के एक परिजन और रेजिडेंट डॉक्टर में हल्की झड़प हो गई। इसके बाद परिजन ने पास के ही बैड पर लेटे दूसरे मरीज की टेबिल से फल-सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया।
वार्ड में मौजूद सुरक्षा गार्ड भी आ गए और परिजनों को पकड़ लिया। स्टाफ ने एसएमएस थाने से पुलिस बुला ली, जिसके बाद पुलिस परिजनों को वार्ड से पकड़कर थाने ले गई।
थाने में समझाइश के बाद मामला शांत
घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ ने एक शिकायत एसएमएस अधीक्षक को दी और बाद में थाने में पहुंच गए, जहां उन्होंने परिजन के खिलाफ शिकायत दी। जहां CTVS यूनिट हैड डॉ. रामगोपाल यादव भी पहुंचे। डॉ. यादव और पुलिस अधिकारियों ने स्टाफ से समझाइश की और मामले को शांति से निस्तारित करने की अपील की। लेकिन देर शाम तक मामला शांत नहीं हुआ।



