भोपालमध्य प्रदेश

राजस्थान से आ रही गर्म हवा से मध्य प्रदेश में तपिश बढ़ गई;भोपाल, जबलपुर-उज्जैन समेत 11 जिलों में लू का अलर्ट; नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्‌टी

राजस्थान से आ रही गर्म हवा से मध्य प्रदेश में तपिश बढ़ गई है। भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग के शहरों में हीट वेव यानी लू जैसे हाल हैं। शुक्रवार को भी 11 जिलों में लू का अलर्ट है। नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है।

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, शुक्रवार को जिन शहरों में लू चलने का अलर्ट है, उनमें निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं।

इससे पहले गुरुवार को प्रदेश में पारा सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा। नर्मदापुरम में तापमान सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छतरपुर जिले के खजुराहो में 43.4 डिग्री और नौगांव में 43 डिग्री टेम्परेचर दर्ज किया गया। सीधी में 42.6 डिग्री, दतिया, दमोह, सागर-टीकमगढ़ में 42.2 डिग्री, रायसेन-रतलाम में 42 डिग्री, सतना में 41.8 डिग्री, मंडला में 41.6 डिग्री, गुना-रीवा में 41.5 डिग्री, नरसिंहपुर-खरगोन में 41.4 डिग्री, श्योपुर में 41.2 डिग्री, शाजापुर, खंडवा-दतिया में 41.1 डिग्री, उमरिया में 41 डिग्री तापमान रहा।

प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 41.6 डिग्री, भोपाल में 41 डिग्री, ग्वालियर में 40.8 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री सेल्सियस पारा पहुंच गया।

नर्मदापुरम रात में भी गर्म

भोपाल समेत कई शहरों में रात में तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास ही चल रहा है। नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक है। यहां आने वाले दिनों में वॉर्म नाइट की स्थिति भी बन सकती है।

भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग के शहरों में हीट वेव यानी लू जैसे हाल हैं। - Dainik Bhaskar

वॉर्म नाइट मौसम की एक ऐसी स्थिति है, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा होता है। यानी न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक अधिक हो। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 40°C या उससे अधिक रहा हो। यदि रात का तापमान सामान्य से 6.4°C से अधिक बढ़ जाए, तो इसे ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। प्रदेश में फिलहाल सीवियर वॉर्म नाइट की स्थिति नहीं है।

अप्रैल के आखिरी में बारिश के आसार

मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल के आखिरी में बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा होगा।

गर्मी से बचने के लिए एडवायजरी

गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button