राजस्थान में मई से शुरू होगा क्रिकेट सीजन:हर जिले में 5 से ज्यादा मैच होंगे, अच्छे खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों में ट्रेनिंग मिलेगी

राजस्थान के क्रिकेट खिलाड़ियों का इंतजार इस बार जल्द खत्म होने जा रहा है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) एडहॉक कमेटी ने तय समय से पहले ही प्रदेश में घरेलू क्रिकेट की शुरुआत करने का फैसला लिया है। इसके तहत इस बार मई महीने से ही राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताएं शुरू कर दी जाएंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पहले से अधिक अवसर मिल सकेंगे। वहीं, प्रदेश के हर जिले में 5 से ज्यादा मैच होंगे।
आरसीए एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने बताया- राजस्थान राज्य घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 की शुरुआत 11 मई 2026 से सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता कॉल्विन शील्ड के साथ की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. मोहित यादव ने बताया- 20 मई से सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होगी। इसके बाद 1 जून से अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता, 15 जून से अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता और 25 जून से अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

बारिश के कारण परेशानी नहीं आएगी
डॉ. मोहित यादव ने कहा- एडहॉक कमेटी का उद्देश्य है कि प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियां तय समय से पहले शुरू हों। ताकि बारिश के मौसम के दौरान खिलाड़ियों को किसी तरह की बाधा का सामना न करना पड़े। समय से पहले टूर्नामेंट शुरू होने से खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा। चयन प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी।
सबसे अच्छे खिलाड़ियों की दूसरे राज्यों की टीमों के साथ ट्रेनिंग होगी
उन्होंने बताया- 11 मई तक प्रदेश स्तरीय सिलेक्शन कमेटी का भी गठन कर लिया जाएगा। यह कमेटी राजस्थान की टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का सिलेक्शन करेगी।
हर जिले को 5 से ज्यादा मैच मिलेंगे
आरसीए एडहॉक कमेटी के सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया- इस बार जिला स्तर पर भी मैचों की संख्या बढ़ाई गई है। प्रत्येक जिले की टीम को 5 से अधिक मैच दिए जाएंगे, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलेंगे और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा- इस सीजन में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनके लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अलग-अलग कैंप आयोजित कर खिलाड़ियों को तकनीकी और पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
आरसीए का मानना है कि जल्दी शुरू होने वाला यह क्रिकेट सीजन राजस्थान के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगा। अधिक मैच, बेहतर चयन प्रक्रिया और अभ्यास मुकाबलों के जरिए खिलाड़ियों को मजबूत मंच मिलेगा, जिससे प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को नई दिशा मिल सकेगी।


