यूपी में खुफिया कैमरे पर कोख की सौदेबाजी,किराए की कोख दिलाकर माता-पिता बनाने का सपना दिखाया;पराए मर्द के स्पर्म से बच्चा पैदा कर रहीं लड़कियां:कुंआरी और गोरी की कीमत ज्यादा

‘इसे देखिए, ये लड़की पहले भी कोख बेचकर बच्चा दे चुकी है। पतली-दुबली है। तब इसने 10 लाख लिए थे, अब 15 लाख रुपए मांग रही है। हमारा बड़ा नेटवर्क है। लखनऊ में ही 10 सेंटर हैं, जहां पराए मर्द का वीर्य लेकर लड़कियों से बच्चा पैदा कराते हैं। 10 महिलाएं मेरे पास हैं।’
ये कहना है यूपी के एक प्राइवेट अस्पताल के संचालक का। वह कोख का धंधा करने वालों का सरगना है। ये गिरोह महिला की उम्र, कद-काठी, रूप-रंग से उसके मां बनने के दाम तय करता है। अगर खूबसूरत है तो बच्चा पैदा करने के 15 लाख रुपए तक लगते हैं। सामान्य महिला को 5 लाख रुपए दिए जाते हैं।
यह गिरोह पूरे यूपी में चल रहा है। इनके पास कई महिलाओं का नेटवर्क है, इनमें से कुछ तो कुंआरी हैं। इनके टारगेट पर होते हैं- ऐसे पति-पत्नी, जिन्हें कोई संतान नहीं है और IVF भी फेल हो चुका है।
इनको किराए की कोख दिलाकर माता-पिता बनाने का सपना दिखाया जाता है। ये महिलाएं, पुरुष का सीमेन (वीर्य) अपने गर्भ में धारण करती हैं। फिर 4-5 महीने अपने घर में रहती हैं। जब पेट बढ़ने लगता है तो रिश्तेदारों और पड़ोसियों से बचने के लिए गिरोह के बनाए सेंटर पर उनकी निगरानी में रहती हैं।
यहां महिला के रहने, खाने और दवाई का खर्च ये गिरोह उठाता है। नौ महीने पूरे होने पर महिला की डिलीवरी कराकर बच्चा कपल को सौंप दिया जाता है।
किराए की कोख यानी सरोगेसी के कड़े कानून के बावजूद यूपी में गैर-कानूनी तरीके से चल रहे रैकेट

हमें सोर्स से पता चला कि लखनऊ-सीतापुर बॉर्डर पर मौजूद इटौंजा कस्बे में सहारा वेलकेयर हॉस्पिटल का मालिक अफजल अंसारी कोख के धंधे का बड़ा रैकेट चला रहा है। पूरे रैकेट को समझने के लिए हमने एक महीने तक हॉस्पिटल और अफजल के बारे में जानकारी जुटाई।
तीन-चार कोशिश के बाद अफजल ने बात की। वह मिलने को भी तैयार हो गया। हम उसके हॉस्पिटल पहुंचे। पहली मुलाकात में उसने पूरा प्रोसेस समझाया।

अफजल : आप बच्चा कैसे चाहते हैं?
रिपोर्टर : सरोगेट मदर से।
अफजल : सरोगेसी में आपका खर्चा ज्यादा आएगा। मैं आपको ऑप्शन दे रहा हूं, पहली बात- मान लीजिए, हम सरोगेसी करते हैं तो जो रुपया महिला को देना होता है, वो दे देंगे। सरोगेसी में आपके सीमेन का परसेंटेज वैल्यू कम हो, किसी कारणवश एम्ब्रियो (भ्रूण) बना और वो खत्म हो गया तो आपका पैसा डूब जाएगा। दूसरी बात– लड़की आपके साथ फिजिकल नहीं होगी। आपका सीमेन IVF प्रोसेस से इंजेक्ट करवाया जाएगा।
रिपोर्टर : हम पहले लड़की देखना चाहेंगे, कितना खर्चा आ जाएगा?
अफजल : सरोगेसी में 7 से 10 लाख रुपए का खर्च मान लीजिए। 9 महीने का रहना-खाना, दवा-पानी, सब कुछ लगता है। अगर आप डायरेक्ट बेबी लेते हैं, तो 5 से 6 लाख रुपए में लड़का मिल जाएगा।
रिपोर्टर : अच्छा, ऐसा भी हो सकता है?
अफजल : एक कपल हमारे पास आए थे, उन्हें बच्चा नहीं हो रहा था। हसबैंड सरोगेसी करवाना चाहते थे, लेकिन वाइफ का कहना था- हमें बस बच्चा मिल जाए। उनका सरोगेसी कराने में 3.5 लाख रुपए डूब गया था। जो औरत अपनी कोख दे रही है, इसका मतलब ये नहीं कि वो बच्चे को संभाल कर रखेगी भी, अगर उसने ध्यान नहीं रखा तो सालभर का पैसा बर्बाद हो जाएगा।
अफजल से पहली मुलाकात में ही साफ हो गया कि वह कोख बेचने का रैकेट चला रहा है। साथ ही बच्चा भी बेचता है। इस धंधे के तार कहां-कहां तक जाते हैं? इसे समझने के लिए हमने उससे कुछ सीधे सवाल किए।
‘महिला बिहार में है, डिलीवरी वहीं कराएंगे’
रिपोर्टर : सरोगेसी का प्रोसेस कहां होगा?
अफजल : सब कुछ लखनऊ से 400 किलोमीटर दूर, बिहार में होगा।
रिपोर्टर : सरोगेट महिला से मुलाकात कैसे होगी?
अफजल : जब इतना पैसा खर्च कर रहे हैं, तो मुलाकात भी करवाएंगे। पहले मुलाकात करवाएंगे, फिर बीच-बीच में भी आप लोग मिल सकते हैं।
रिपोर्टर : महिला की उम्र क्या होगी? वो कहां पर रहेगी?
अफजल : 25-26 साल के आस-पास होगी। उसका कमरा वगैरह सब दिखा देंगे, वो किराये पर अलग रहेगी।
रिपोर्टर : क्या हमें उसको अलग से पैसा देना होगा?
अफजल : नहीं, पैसा मत दीजिएगा, आप राशन दे सकते हैं।
रिपोर्टर : तो कितना खर्च मान लें, क्या 10 लाख रुपए के अंदर सब कुछ हो जाएगा?
अफजल : हां…। लखनऊ में एक गरीब कपल था, उन्हें 1 दिन की लड़की सिर्फ 2 लाख रुपए में दिलवाई थी। एकदम गोरी-चिट्टी। एक लड़का भी 6 लाख रुपए में एक दूसरे कपल को दिया था।
रिपोर्टर : तो आप यूपी की लड़की की कोख किराये पर क्यों नहीं दिलाते?
अफजल : यहां राजनीति बहुत है, इसलिए बिहार की लड़की को लेते हैं। जब आपको देखना होगा, तब लखनऊ लेकर आएंगे।
रिपोर्टर : क्या कोई एग्रीमेंट भी करेंगे? आपके और लड़की के साथ…
अफजल : एग्रीमेंट कुछ नहीं होता, इस लाइन में पेपर नहीं चलता, सब जुबान पर होता है।
रिपोर्टर : पैसा कैसे पेमेंट करेंगे? डिलीवरी कहां होगी?
अफजल : पहले 50% पेमेंट एडवांस देना होगा। लड़की से मिलवा देंगे। फिर बाकी पेमेंट बाद में देना होगा। बिहार में ही कराते हैं, वहीं पर अच्छा रहेगा।



