एमपी में गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिले 25 शहरों में पारा 40 डिग्री पार:इंदौर-ग्वालियर सीजन में सबसे गर्म; बुरहानपुर-हरदा और रतलाम में गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदला

एमपी में बुधवार को गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिले। सीजन में पहली बार 25 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक पहुंच गया। इंदौर और ग्वालियर में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। इधर बुरहानपुर, हरदा, रतलाम में गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदला गया है।
प्रदेश में छतरपुर का नौगांव सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। खजुराहो में 42.2 डिग्री, रतलाम में 42 डिग्री, नर्मदापुरम में 41.8 डिग्री, सतना में 41.7 डिग्री, मंडला में 41.6 डिग्री, सीधी में 41.2 डिग्री, शाजापुर में 41.1 डिग्री, टीकमगढ़, धार, खरगोन-रीवा में 41 डिग्री, उमरिया-दतिया में 40.8 डिग्री, श्योपुर, दमोह-रायसेन में 40.4 डिग्री, गुना में 40.3 डिग्री, छिंदवाड़ा, मलाजखंड-बैतूल में 40.2 डिग्री, खंडवा में 40.1 डिग्री और सागर में पारा 40 डिग्री रहा।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 16 शहरों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में 40 डिग्री, ग्वालियर में 40.2 डिग्री, भोपाल में 39.5 डिग्री, उज्जैन में 39.7 डिग्री और जबलपुर में तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
नया सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन असर नहीं मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल को नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ही दिखाई देगा। यानी, अब प्रदेश में तेज गर्मी वाला दौर ही रहेगा। गर्मी बढ़ने से लोग उससे बचने के तरीके भी तलाश रहे हैं।
कोई मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकल रहा है तो कोई गन्ने का ज्यूस, कोल्ड्रिंक्स, आइस्क्रीम का लुत्फ उठा रहा है। गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवाइजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहे। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।



