(MPESB) मध्यप्रदेश में नर्सिंग के 2,646 पदों पर निकली भर्ती:20 अप्रैल तक आवेदन, 15 मई को एग्जाम, 36 हजार सैलरी

मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2,646 पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। आवेदन 6 अप्रैल से 20 अप्रैल तक होंगे। परीक्षा 15 मई 2026 से शुरू होगी।
यह भर्ती तीसरी श्रेणी के नियमित पदों के लिए है। नर्सिंग क्षेत्र के योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन होंगे। चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। उम्मीदवारों को पात्रता, फीस, परीक्षा पैटर्न और जरूरी शर्तें ध्यान से समझनी होंगी।
यह भर्ती मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत हो रही है। प्रक्रिया का संचालन मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) करेगा।

संयुक्त भर्ती में 2,646 पद भरे जाएंगे
मध्यप्रदेश में संयुक्त भर्ती में 2,646 पद भरे जाएंगे। नर्सिंग ऑफिसर के 1,256 पद सरकारी अस्पतालों में और 954 पद सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भरे जाएंगे। सिस्टर ट्यूटर के 218 पद भी इसी संयुक्त परीक्षा से भरे जाएंगे।
पदों का स्वरूप और सैलरी
नर्सिंग ऑफिसर- लेवल-7, वेतनमान 28,700 रुपए। यह पद नियमित और तृतीय श्रेणी सेवा के अंतर्गत आते हैं।
सिस्टर ट्यूटर- लेवल-9, वेतनमान 36,200 रुपए। पद नियमित और तृतीय श्रेणी सेवा के अंतर्गत आते हैं।
केवल ऑनलाइन होंगे आवेदन
संयुक्त परीक्षा के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन होंगे। आधार आधारित पंजीयन अनिवार्य है। आवेदन संख्या सुरक्षित रखना जरूरी है। परीक्षा में फोटो आईडी (आधार, पैन, वोटर आईडी आदि) अनिवार्य है। रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन भी जरूरी है।
सामान्य वर्ग को 500 रुपए देने होंगे
संयुक्त भर्ती परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग को 500 रुपए शुल्क देना होगा। MP के SC/ST/OBC/EWS/दिव्यांग उम्मीदवारों को 250 रुपए फीस देनी होगी। बैकलॉग पद के लिए कोई शुल्क नहीं है। पोर्टल शुल्क 60 रुपए (कियोस्क) और 20 रुपए (स्वयं लॉगिन) तय है।
परीक्षा का पैटर्न
भर्ती परीक्षा में 100 सवाल होंगे। हर प्रश्न 1 अंक का होगा। समय 2 घंटे मिलेगा। 25 अंक के सवाल सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान से होंगे। नर्सिंग विषय के 75 अंक के सवाल होंगे। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट 10 से 12 बजे और दूसरी 3 से 5 बजे होगी।
चयन लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा। सामान्य वर्ग के लिए 50% और आरक्षित वर्ग के लिए 40% न्यूनतम अंक हैं। मेरिट के बाद नियुक्ति विभाग की जरूरत और सत्यापन पर निर्भर होगी।


