उत्तर प्रदेश

गैस एजेंसी के बाहर बुजुर्ग की हार्टअटैक से मौत:कानपुर में महिला बोली- मन कर रहा खुदकुशी कर लूं, 8 दिन से सिलेंडर नहीं मिला

यूपी में रसोई गैस सिलेंडर का संकट जानलेवा हो गया है। फर्रुखाबाद में सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे मोहम्मद मुख्तियार (76) की तबीयत बिगड़ गई। परिजन अस्पताल लेकर भागे, लेकिन उनकी मौत हो गई।

घटना लाल सराय स्थित भारत एजेंसी की है। मोहम्मद मुख्तियार शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एजेंसी पहुंचे थे। लाइन में लगे-लगे अचानक गिर पड़े। परिवार को इसकी सूचना दी गई। परिजन उन्हें सुबह 10 बजे आवास विकास स्थित प्राइवेट डॉक्टर उदय राज के पास ले गए। जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोहम्मद मुख्तियार शहर के मोहल्ला गढ़ी खान खाना निवासी थे। उनके दो बेटे शाहनवाज अंसारी और मुदस्सिर अंसारी और 5 बेटियां हैं। 4 बेटियों की शादी हो चुकी है। दो बेटे और एक बेटी अविवाहित हैं। 10 महीने पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था।

कानपुर: सिलेंडर के लिए 8 दिनों से एजेंसी पर लगातार आ रही महिला ने कहा कि मन कर रहा खुदकुशी कर लूं।

शाहजहांपुर: 10 रुपए में भरपेट भोजन की सुविधा देने वाली ‘परी आपकी रसोई’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

बरेली: एलपीजी गैस की किल्लत का असर पुलिसकर्मियों पर भी देखने को मिला। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह से पुलिसकर्मी सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े नजर आए।

बाराबंकी: सिलेंडर के लिए जमकर लात-घूसे चले। गैस एजेंसी पर लाइन लगी थी। तभी सिलेंडर से भरी गाड़ी पहुंची और लाइन के बीच में एक युवक घुसने लगा। दूसरे युवक ने रोकने की कोशिश की तो मारपीट हो गई।

गाजियाबाद: सिलेंडर के लिए लोगों ने हंगामा किया। जैसे ही एजेंसी पर ट्रक पहुंचा, लोग सिलेंडर लेने के लिए टूट पड़े। किसी तरह पुलिस ने हालात को संभाला। महराजगंज में बुकिंग न होने पर लोगों ने सड़क जाम कर दी। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया।

लखनऊ: गोमतीनगर विस्तार में एक एजेंसी पर 400 मीटर लंबी लाइन देखने को मिली। बाजारों में इंडक्शन कुकटॉप/चूल्हों की मांग भी बढ़ गई है। रेस्टोरेंट और होटलों पर खाने-पीने की चीजों की रेट बढ़ने लगे हैं।

आगरा: 20 रुपए वाली चाय 25 रुपए में मिल रही।

प्रदेश के कई जिलों में गैस की कालाबाजारी के चलते लोग दोगुनी कीमत देकर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। हालांकि, गैस कंपनियां किसी भी तरह की किल्लत से इनकार कर रहीं। उधर, सीएम योगी ने गैस और तेल की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- अफसर 24 घंटे मॉनिटरिंग करें।

गैस की किल्लत को देखते हुए केंद्र ने यूपी सरकार को 80 लाख लीटर केरोसिन तेल दिया था। प्रदेश में कुल 4.26 करोड़ घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.87 करोड़ कनेक्शन शामिल हैं। यूपी में रोजाना औसतन 5 से 6 लाख सिलेंडरों की खपत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button