मध्य प्रदेश में सिलेंडर बुकिंग ठप, भोपाल में 2232 सिलेंडर पकड़े:इंडक्शन-डीजल भट्ठी के रेट डबल; 50,000 होटल-रेस्टॉरेंट बंद होने के कगार पर

मध्य प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर परेशानी बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम सही से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। कई जगहों पर वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है। कई जगहों पर बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रहीं। कई उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश करते दिखे। कुछ जगहों से सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई।
होटल-रेस्टॉरेंट पर संकट, भोपाल में बंद हो सकते हैं होटल-रेस्टॉरेंट
गैस की कमी का असर होटल और रेस्टॉरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में करीब 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने के कगार पर बताए जा रहे हैं। भोपाल में करीब 2 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को पिछले चार दिनों में एक भी सिलेंडर नहीं मिला है।
कई होटलों में केवल 24 से 48 घंटे का ही गैस स्टॉक बचा है। एसोसिएशन ने सरकार से होटल रेस्टॉरेंट और कॉलेज कैंटीन को इमरजेंसी सेवा में शामिल करने की मांग की है, क्योंकि शहर में बड़ी संख्या में छात्र इन पर भोजन के लिए निर्भर हैं।
इंडक्शन और डीजल भट्ठी की मांग बढ़ी
गैस संकट के कारण बाजार में वैकल्पिक ईंधन की मांग बढ़ गई है। भोपाल में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री करीब सात गुना तक बढ़ गई है। वहीं डीजल से चलने वाली भट्ठियों की कीमतें भी तेजी से बढ़ गई हैं। कई जगह होटल और कैंटीन में डीजल भट्ठी या अन्य विकल्पों से खाना बनाने की व्यवस्था की जा रही है।
भोपाल 2 एजेंसियों से 2232 सिलेंडर जब्त, स्टॉक में अनियमितता
गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच भोपाल में शुक्रवार को प्रशासन ने दो जगह कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए। जंबूरी मैदान स्थित विनीत गैस एजेंसी के गोदाम में निरीक्षण के दौरान 1574 सिलेंडर मिले, जिनका स्टॉक रजिस्टर से मिलान नहीं हो पाया।
वहीं, गुफा मंदिर-लालघाटी स्थित ममता गैस एजेंसी पर छापे में तीन ट्रक और एक लोडिंग ऑटो से 658 सिलेंडर जब्त किए गए। एजेंसी यहां से विस्थापित होने के बावजूद अवैध भंडारण और वितरण कर रही थी। प्रशासन ने दोनों मामलों में जांच कर खाद्य विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जबलपुर में कालाबाजारी पर कार्रवाई
जबलपुर में क्राइम ब्रांच ने अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आधारताल थाना क्षेत्र में एक मकान से 46 घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई प्रदीप साहू के घर पर की गई, जहां से भरे और खाली सिलेंडरों के साथ कमर्शियल और छोटे सिलेंडर भी बरामद हुए।
आम लोगों की बढ़ी परेशानी, घरों में खाना नहीं बना
प्रदेश के कई जिलों में लोग सुबह से गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े नजर आए। डिंडौरी की एक महिला कर्मचारी ने बताया कि वह सुबह से लाइन में खड़ी हैं। घर में दो दिन से खाना नहीं बन पाया है।
वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी के अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी बंद मिल रहे हैं। कई जगह लोगों को रात में बुकिंग करने या मोबाइल एप डाउनलोड करने की सलाह दी जा रही है।


