MP में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई,भोपाल-इंदौर से मावा, पनीर-मिल्क केक जब्त:होली से पहले 10 दिन में 3996 सैंपल लिए

मध्य प्रदेश में होली से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई की गई। पिछले 10 दिन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य सामग्रियों के कुल 3996 सैंपल लिए। भोपाल और इंदौर में मिलावटी केक से लेकर मावा और पनीर भी जब्त किया गया।
प्रदेश में होली के दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री की जमकर बिक्री होती है, इसलिए भोपाल, इंदौर समेत पूरे प्रदेश में फूड इंस्पेक्टर मैदान में उतरे और कार्रवाई की। इस दौरान दूध, इससे पहले उत्पाद, मावा, नमकीन के सैंपल लिए गए।
नियंत्रक दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि जांच अभियान चलाकर चलित मोबाइल वैन व दुकानों पर जाकर सैंपलिंग की गई। इस दौरान 15 हजार 988 किलो सामग्री जब्त की गई। जिसकी कीमत 26 लाख 50 हजार रुपए है।

इन जिलों में बड़ी कार्रवाई हुई
- भोपाल में 21 फरवरी को 27 क्विंटल मावा और पनीर जब्त किया। कीमत 6 लाख रुपए रही।
- 27 फरवरी को 11.45 लाख रुपए कीमत का 748 किलो मिलावटी मिल्क केक जब्त किया।
- इंदौर में 20 फरवरी को 209 किलो नकली पनीर जब्त किया। कीमत 75 हजार रुपए।
- इंदौर में 21 फरवरी को 1797 किलो मिलावटी गुलाब जामुन और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त की है। जिसकी कीमत 1.71 लाख रुपए आंकी गई। फैक्ट्री भी सील की।
- रतलाम में 26 फरवरी को 1600 लीटर मिलावटी घी जब्त किया। इसकी कीमत 6.30 लाख रुपए रही।
- भिंड, झाबुआ, सागर और टीकमगढ़ में भी मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
-
17 कारोबारियों के लाइसेंस सस्पेंड
जांच अभियान के दौरान 17 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किए गए। चलित खाद्य प्रयोगशाला की जांच में कुल 435 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। अभियान आगे भी जारी रहेगा।


