अयोध्याउत्तर प्रदेशताजा खबर

अयोध्या जेल की दीवार तोड़कर 2 कैदी भागे:स्पेशल सेल में बंद थे, रातभर में 30 ईंटें उखाड़ीं; जेल अधीक्षक समेत 10 सस्पेंड

52 CCTV और दो लेयर की दीवार सुरक्षा से लैस अयोध्या जिला जेल से 2 कैदी भाग गए। दोनों स्पेशल सेल में बंद थे। दोनों कैदियों ने रातभर में सेल की पीछे की डेढ़ फीट मोटी दीवार की 25-30 ईंटें उखाड़कर छेद किया। फिर उससे निकलकर 20 फीट ऊंची दीवार के पास पहुंचे।

इस 20 फीट दीवार की तक जाने के 3 रास्ते हैं। पहला-150 मीटर लंबा, दूसरा-400 और तीसरा-500 मीटर लंबा। हालांकि, दोनों कैदी किस रास्ते से भागे, यह पता नहीं चल पाया है। दोनों कैदियों ने 20 फीट ऊंची दीवार के पास पहुंचकर कंबल-मफलर से रस्सी बनाई और दीवार फांद गए।

फरार कैदियों की पहचान गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज और शेर अली उर्फ रफीक अली के रूप में हुई है। गोलू अमेठी और रफीक सुल्तानपुर का रहने वाला है। दोनों हत्या और रेप के आरोप में बंद थे। वहीं, कैदियों के भागने की खबर लगते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर जिला जेल पहुंचे। जेल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। वहीं, डीजी जेल पीसी मीणा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेलर और डिप्टी जेलर समेत 10 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया।

सस्पेंड होने वालों में वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी, एक हेड वॉर्डर और 3 वॉर्डर भी शामिल हैं। जेलर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी होगी।

3 तस्वीरें देखिए

कैदियों के फरार होने के बाद जेल में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कड़ी कर दी गई। कैदियों की तलाश के लिए ऑपरेशन शुरू किया गया।

सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला…

जेल की दीवार तोड़कर भागे पुलिस के मुताबिक, दोनों कैदी जेल की स्पेशल सेल नंबर-एक की 4 नंबर कोठरी में बंद थे। बुधवार शाम 6 बजे बैरक को बंद कर दिया गया। उस वक्त तक दोनों कैदी बैरक में ही थे। आज सुबह (गुरुवार) 6 बजे कैदियों की गिनती शुरू हुई।

इसमें जब गोलू और शेर अली का नाम बुलाया गया, तो दोनों नहीं मिले। इसके बाद टीम ने अंदर जाकर देखा तो जेल के पीछे की दीवार पर लगे जंगले से कुछ ईंटें निकली दिखाई दीं। टीम अंदर पहुंची तो जंगले की 25 से 30 ईंटें निकली पाई गईं। जेल में जगह-जगह सर्च किया गया। सीसीटीवी चेक किए गए, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया।

पुलिस का मानना है कि कोठरी के पीछे की दीवार पर लगे जंगले से ईंटें निकाली गईं। कंबल-मफलर के सहारे रस्सी बनाई गई। इन सबसे लग रहा है कि दोनों लंबे समय से जेल ब्रेक करने की तैयारी कर रहे थे।

4 AI तस्वीरों से देखिए पूरी वारदात…

अब कैदियों के बारे में जानिए

अमेठी के मुसाफिरखाना में रहने वाला गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज रेप के केस में 14 सितंबर, 2025 से जेल में बंद था। उस पर पॉक्सो समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं, सुल्तानपुर का रौदी निवासी शेर अली डकैती के केस में 28 नवंबर, 2024 से जेल में था। दोनों पर हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और छेड़खानी के भी मामले दर्ज हैं। शेर अली पर अयोध्या, जौनपुर, सुलतानपुर में हत्या समेत 11 मामले दर्ज हैं। सीओ कादीपुर ने बताया- पत्नी ने उसे छोड़ रखा है, रिश्तेदारी में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button