जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में एवलांच:सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना, कई होटलों को नुकसान; लगातार बर्फबारी जारी

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में लगातार जारी बर्फबारी से मंगलवार रात एवलांच (हिमस्खलन) आया। एवलांच में फिलहाल किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है। कई होटलों को नुकसान पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि एवलांच मंगलवार रात 10.12 बजे मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग रिजॉर्ट में हुआ। बचाव टीमों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी जारी है। इसके देखते हुए मौसम विभाग ने एवलांच का अलर्ट जारी किया था।
तस्वीरों में देखें सोमनर्ग में एवलांच


11 जिलों में एवलांच की चेतावनी
जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKUTDMA) ने गंदरबल, अनंतनाग, बांदीपोरा, बारामूला, कुलगाम और कुपवाड़ा सहित कश्मीर के 11 जिलों और जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी और रामबन के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की थी।
लगातार बर्फबारी से 58 फ्लाइट्स कैंसिल
मंगलवार को भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद रहा। इसके साथ श्रीनगर एयरपोर्ट पर सभी फ्लाइट्स रद्द होने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
इमरजेंसी सेवाओं और सशस्त्र बलों की आवाजाही में भी इससे रुकावट आई। अधिकारियों ने बताया कि बचाव और सड़क साफ करने का अभियान जारी लगातार जारी है।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर, आने वाली 29 और जाने वाली 29 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बर्फबारी के कारण रनवे ऑपरेशन के लिए असुरक्षित हो गया था।
श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद
अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड और बनिहाल के बीच बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया था। बर्फ हटाने का काम जारी रहने के बावजूद हाईवे पर ट्रैफिक को चलने की अनुमति नहीं दी जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी के कारण ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। बनिहाल और बडगाम के बीच कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गईं। ट्रैक साफ होने के कुछ घंटों बाद ऑपरेशन फिर से शुरू हो गए
जनता की मदद के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए
जिला प्रशासन और पुलिस ने जनता की मदद के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए हैं। मौसम विभाग ने अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी और कुछ इलाकों में गरज या तेज हवाओं की संभावना जताई है। बुधवार को भी हल्की बारिश की उम्मीद है।



