योगी ने खिचड़ी चढ़ाई, सीटी बजाकर दंडवत हुए:गोरखनाथ मंदिर में तड़के 4 बजे पूजा की, अनुज चौधरी भी पहुंचे

गोरखपुर में सीएम योगी ने मकर संक्रांति पर गुरुवार तड़के गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाई। गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी ने सुबह 3:40 बजे मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। नाथ परंपरा के अनुसार, उन्होंने गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गले में लटकी सीटी बजाई और दंडवत होकर प्रणाम किया।
इसके बाद गुरु गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित की गई, साथ ही नेपाल राज परिवार की ओर से लाई गई खिचड़ी भी चढ़ाई गई। पूजा के बाद योगी ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और लोगों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के खिचड़ी चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ।
आज नेपाल सहित यूपी और बिहार से लाखों श्रद्धालु गोरखनाथ मंदिर पहुंचे हैं। पूरा मंदिर परिसर ढोल-नगाड़ों से गूंज रहा है। सुबह 8 बजे तक करीब 3 लाख श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ा चुके थे। बाहर लंबी कतारें लगी हैं और करीब एक घंटे के इंतजार के बाद दर्शन हो रहे हैं। भीड़ अधिक होने के कारण श्रद्धालु गर्भगृह के बाहर से ही खिचड़ी अर्पित कर रहे हैं। एक साथ सैकड़ों लोगों की ओर से खिचड़ी (चावल, दाल, तिल आदि) अर्पित करने से मंदिर में मानो अन्न की बारिश हो रही है।
खिचड़ी चढ़ाने के लिए नेपाल से हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। इन लोगों का कहना है कि यह उनके देश की वर्षों पुरानी परंपरा है। बाबा गोरखनाथ उनके आराध्य हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के स्वयंसेवक और पुलिस-प्रशासन के लोग जगह-जगह तैनात हैं।
तस्वीरें देखिए…


