जयपुर में तीन साल से नहीं भरे गड्ढे:वार्डों में खुले बिजली पैनल, बच्चों की जान खतरे में, शिकायत के बाद समस्या जस की तस

राजधानी जयपुर में नागरिक सुविधाओं की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों से सार्वजनिक शौचालयों की गंदगी, सीवर लाइन जाम होने, सड़कों की बदहाली और खुले बिजली पैनलों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि आम लोगों का कहना है कि अब शहर में रहना मुश्किल होता जा रहा है।
जनता के अनुसार कई इलाकों में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। बदबू और गंदगी के कारण लोग इनका उपयोग करने से कतराने लगे हैं। वहीं कई जगह सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा कुछ वार्डों में खुले पड़े बिजली पैनल हादसों को न्योता दे रहे हैं। खुले तारों से खासकर बच्चों और आम लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। बारिश के मौसम में इन पैनलों से करंट फैलने की आशंका और बढ़ जाती है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे।
वार्ड नंबर 149 स्थित चंद्रशेखर पार्क से गणपत ने सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पार्क में बने शौचालय की हालत बेहद खराब है। लंबे समय से वहां सफाई नहीं हुई है और शौचालय का एक हिस्सा टूटा हुआ है, जिससे बदबू और गंदगी फैल रही है।
वार्ड नंबर 27 में छोटी मस्जिद के सामने से शहबाज़ ने चीनी का बुर्ज के पास खुली सीवर लाइन की शिकायत की है। उनके अनुसार सीवर का गंदा पानी सीधे मस्जिद की ओर जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। खुली सीवर लाइन से बदबू फैल रही है और आसपास का माहौल भी खराब हो गया है।
वार्ड नंबर 47, कालवाड़ रोड से जगदीश ने सड़क की खराब हालत को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पिछले तीन साल से सड़क के गड्ढे नहीं भरे गए हैं, जिसके चलते आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, जबकि बरसात में पानी भरने से स्थिति और खराब हो जाती है।
इसी तरह वार्ड नंबर 37, पीएचडी कार्यालय क्षेत्र से सतीश शर्मा ने खुले बिजली पैनल को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि पैनल लंबे समय से खुला पड़ा है और उसके तार बाहर नजर आते हैं। इस रास्ते से रोजाना बच्चे और आम लोग गुजरते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
आम जनता ने नगर निगम और संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो ये किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। शहरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से लेकर सफाई, मरम्मत और सुरक्षा से जुड़े कार्य जल्द शुरू करेगा।



