अयोध्या

अयोध्या में नॉनवेज की डिलीवरी पर रोक:राम मंदिर क्षेत्र के होटल–होम स्टे को चेतावनी, पकड़े जाने पर लायसेंस निरस्त होगा

अयोध्या में राम मंदिर और पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के आस पास नॉनवेज की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। ये आदेश ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर भी लागू किया गया है। इस संबंध में होटल, होम स्टे और ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों को अवगत करा दिया गया है। उन्हें चेतावनी दी गई है। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की बात कही गई है।

इस आदेश के आने के बाद से फिर से बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इस आदेश के पक्ष में तो कुछ लोग विरोध में खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि उन्हें क्या खाना है और क्या नहीं, ये तय करने का अधिकार किसी और को नहीं, सिर्फ उन्हें है। वहीं कई लोग इस आदेश का स्वागत कर रहे हैं।

ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियों को राम मंदिर क्षेत्र में नॉनवेज सप्लाई करने पर रोक है।

अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला

नॉनवेज डिलीवरी की मिली थी शिकायत

सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने बताया- राम मंदिर और इसके आस पास नॉनवेज की बिक्री पर पहले से रोक है। लेकिन कुछ होटल, गेस्ट हॉउस और होम स्टे वाले इसका पालन नहीं कर रहे हैं। शिकायत मिली थी कि यहां पर आने वाले पर्यटकों को ऑनलाइन नॉनवेज मंगाकर परोसा जा रहा है। इसलिए अब राम मंदिर और इसके आस पास के क्षेत्र में नॉनवेज की ऑनलाइन डिलीवरी पर रोक लगा दी गई है।

8 जनवरी से आदेश लागू

8 जनवरी को होटल, गेस्ट हॉउस, होम स्टे और ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों को आदेश से अवगत करा दिया गया है। नियम तोड़ने पर होटल मालिक और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।

ब्रिटिश काल से लागू है प्रतिबंध

अयोध्या में नॉनवेज खाने और बेचने पर रोक कोई नई व्यवस्था नहीं है। अमावां राम मंदिर के पूर्व सचिव और पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल की पुस्तक ‘अयोध्या रीविजिटेड’ में इसका उल्लेख मिलता है। पुस्तक के अनुसार ब्रिटिश काल में ही अयोध्या में नॉनवेज की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगाया गया था। उसी आदेश के आधार पर तत्कालीन सिटी बोर्ड फैजाबाद ने यह प्रतिबंध लागू किया था, जो आज भी प्रभावी है और जिसे कभी चुनौती नहीं दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button