तांत्रिक ने लड़की के पेट में बताया जिन्न का बच्चा:आगरा में इलाज के बहाने कमरे में ले गया, कपड़े उतारे…वीडियो बनाई; 2 दिन अपने पास रखा


आगरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तांत्रिक ने इलाज के नाम पर नाबालिग लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। तांत्रिक ने कहा कि लड़की के पेट में जिन्न का बच्चा है। लड़की 6 महीने की प्रेग्नेंट है। इसे हटाने के लिए उसे लड़की के साथ संबंध बनाना पड़ेगा।
लड़की का कहना है कि तांत्रिक ने उसे दो दिन तक बंधक बनाकर अपने पास रखा। एक दिन बंद कमरे में बुलाकर उसके सभी कपड़े उतरवाए और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। उसने कहा कि जैसे जिन्न ने तुम्हारे साथ किया, वैसे ही मुझे भी करना पड़ेगा। तभी वो बच्चा गायब होगा।
लड़की ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया तो तांत्रिक ने वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। दो दिन बाद 22 दिसंबर को जब लड़की वहां से निकली तो उसने पूरी कहनी अपनी बहन को बताई।
इस पूरी घटना में तांत्रिक के साथ तीन लोग और शामिल थे। 31 दिसंबर को परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। तहरीर के आधार पर शिकायत दर्ज कर ली है। मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

अब जानिए पूरा मामला….
घर में भूत-प्रेत का साया बताया
17 साल की लड़की फतेहपुर सीकरी की रहने वाली है। लड़की की मां ने बताया- 16 दिसंबर को एक तांत्रिक हमारे गांव आया था। वहां पर ढोल नगाड़े बज रहे थे। उसी दौरान मेरे ससुर, बेटे और बेटी अपने खेत जा रहे थे। तमाशा देखने के लिए वे लोग वहां रुक गए।
उसी समय बाबा ने मेरे ससुर को कुछ खाने के लिए दे दिया। जिससे उनके सिर में दर्द होने लगा। इसके बाद तांत्रिक ने बोला कि मुझे आपके घर चलना पड़ेगा। घर आने के बाद तांत्रिक ने कहा कि मेरे घर में भूत-प्रेत है। हम लोगों को लगा सच में ऐसा कुछ होगा, तो हमने उपाय पूछा। इसके बाद बाबा वहां से चला गया।
अगले दिन 17 दिसंबर को ढाेल-नगाड़े के साथ 10 से 15 लोगों को लेकर बाबा मेरे घर आया। उसके हाथ में सफेद रंग की बोतल थी। घर में बेटी, बेटे और देवरानी सहित चार लोगों को वो जल पिलाया और तमाशा कराने लगा। इसके लिए उसने रुपए भी लिए।
मेरी बेटी को 6 महीने की प्रेग्नेंट बताया
लड़की की मां ने कहा- जाते समय तांत्रिक ने कहा कि मेरी बेटी 6 महीने की प्रेग्नेंट है। लेकिन ये बच्चा जिन्न का है। घरवालों ने कहा कि ऐसा नहीं है। हम डॉक्टर के पास जाएंगे। इस पर तांत्रिक ने कहा कि डॉक्टर के पास ले जाओगे तो इसकी जान को खतरा है।
इस पर हमने इसका उपाय पूछा तो बोला कि आपको मेरे यहां पर जगदीशपुर अमरपुरा ट्रांसफर वाली गली भैरव मंदिर पर आना पड़ेगा। वहीं पर इस बच्चे की भेंट दी जाएगी और इसका इलाज किया जाएगा। इलाज कराने के 20 दिसंबर को घर से दो लोग लड़की को लेकर वहां पहुंच गए।
दाई बुलाकर बंद कमरे में ले गया, कपड़े उतरवाए
लड़की की मां ने कहा- वहां एक महिला को दाई बताकर बुलाया गया। तांत्रिक ने कहा कि उसे 40 साल का अनुभव है। इसके बाद नाबालिग बेटी को बंद कमरे में ले गया। बेटी ने पूछा कि क्या करना होगा और भेंट कैसे होगी। इस पर तांत्रिक ने कहा कि कपड़े उतारने पड़ेंगे और जिन्न ने जो किया है, वही उसे करना पड़ेगा।
लड़की ने ऐसा करने से मना किया। इस पर दाई ने बेटी को यह कहकर बहकाया कि ठीक होने के लिए कपड़े उतारने पड़ेंगे और जबरन उसके कपड़े उतरवा दिए। फिर तांत्रिक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।
तांत्रिक ने मोबाइल से वीडियो बना ली। लड़की ने विरोध किया तो तांत्रिक बोला- अगर तूने ये सब नहीं किया, तो तेरे घर वालों से कह देंगे की ये बच्चा गांव में से किसी लड़के का है। लड़की ने कहा कि चाहे कुछ भी कह दो, वह कोई गलत काम नहीं करेगी। इसके बाद वह चिल्लाने लगी।
मां ने बताया- बेटी चिल्ला रही थी लेकिन हमें बताया गया कि जिन्न उतारा जा रहा है। बड़ी मुश्किल से वह बाहर आई। दो दिन तक लड़की को वहीं रखा गया। उसे ऐसा पानी पिलाया जाता था, जिससे होश नहीं रहता था और किसी को फोन नहीं करने दिया गया।
चोरी से फोन कर परिवार को दी जानकारी
साथ में गई भतीजी ने चोरी-छिपे मेरे कर घर में जानकारी दी। 21 दिसंबर को घटना की जानकारी लड़की के माता-पिता को मिली। लड़की के माता-पिता दोनों पंजाब में थे। सूचना मिलते ही दोनों आगरा पहुंचे।इसके बाद 31 दिसंबर को थाना जगदीशपुरा में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी तांत्रिक बाबा और उसके साथियों की तलाश की जा रही है।