
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय फास्टैग को मल्टीपर्पस बनाने की तैयारी में है। इसके तहत अब पार्किंग से लेकर पेट्रोल तक का पेमेंट फास्टैग से कर सकेंगे।

इसके लिए छह महीने से जारी ट्रायल सफल रहा है। इसका उद्देश्य है कि फास्टैग का उपयोग सिर्फ टोल भुगतान तक सीमित न रहे, बल्कि यात्रा के दौरान सड़क से इतर मिलने वाली सुविधाओं के भुगतान में भी हो।
अधिकारियों ने कहा- इससे डिजिटल फ्रॉड की आशंका कम होगी। यूजर फास्टैग को वॉलेट की तरह इस्तेमाल कर सकेंगे, जिससे धोखाधड़ी की स्थिति में नुकसान कम हो।
किन सुविधाओं के लिए होगा इस्तेमाल
इस बदलाव को लेकर फिनटेक कंपनियां, पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स, बैंक और टोल ऑपरेटर्स की बैठक हो चुकी है। इसमें इन चीजों के लिए सहमति बनी-
• टोल
• पेट्रोल पंप
• ईवी चार्जिंग
• फूड आउटलेट
• वाहन मेंटेनेंस
• सिटी एंट्री चार्ज
• यात्रा के दौरान अन्य सुविधाओं का भुगतान
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक (DRM) पुष्पेंद्र कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक नई पॉलिसी तैयार की गई है। इससे स्टेशन पर आने-जाने वाले गेट पर जाम और ज्यादा पैसे वसूलने की समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी।
• योजना लागू होने के बाद नई दिल्ली स्टेशन पर पार्किंग शुल्क का भुगतान फास्टैग के माध्यम से होगा। अनुमान है कि लगभग 80 प्रतिशत वाहन स्टेशन कैम्पस में यात्रियों को ड्रॉप या पिक करके तुरंत निकल जाएंगे।
• शुल्क स्वतः कटने के कारण ठेकेदार और वाहन मालिकों के बीच ज्यादा पैसे वसूलने को लेकर होने वाले विवाद खत्म हो जाएंगे।
• पार्किंग और यातायात संचालन के लिए पहली बार ‘एक्स-आर्मी मैन’ को मार्शल के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इससे निजी सुरक्षाकर्मियों द्वारा यात्रियों से होने वाली बदसलूकी की शिकायतों पर लगाम लगेगी।
• सेना के जवानों के अनुभव और प्रशिक्षण का लाभ आतंकी गतिविधियों की रोकथाम और सामान्य सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मिलेगा।



