राजस्थान-MP के 38 शहरों में तापमान 10° से कम:यूपी में घना कोहरा, श्रीनगर में -1.8°C तापमान; दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर

उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में भीषण सर्दी पड़ रही है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर जैसे हालात है। दोनों राज्यों के 19-19 शहरों में मंगलवार को तापमान 10° सेल्सियस से कम रिकॉर्ड हुआ।
राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी के 19 जिलों में बुधवार को शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी पड़ रही थीं। लखनऊ, गोंडा, संभल, चंदौसी में विजिबिलिटी शून्य रिकार्ड की गई। सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार रात घने कोहरे के साथ तापमान माइनस 1.8°C पहुंच गया।
दिल्ली में धुंध के कारण IGI एयरपोर्ट पर 10 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। दिल्ली मंगलवार को दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर था। यहां AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 378 दर्ज किया गया। 425 AQI के साथ लाहौर पहले, सरायेवो (बोस्निया हर्जेगोविना) दूसरे नंबर पर रहा।


राज्यों में मौसम की स्थिति…
राजस्थान : 3 जिलों में घना कोरा, श्रीगंगानगर में सीजन का सबसे ठंडा दिन; सीकर के फतेहपुर में तापमान 4 डिग्री

राजस्थान में भीषण सर्दी के साथ कोहरे का असर जारी है। गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। घने कोहरे के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। मंगलवार को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, जैसलमेर में घना कोहरा रहा। गंगानगर में मंगलवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फतेहपुर में सबसे ठंडी रात रही, जहां का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज हुआ। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश : राज्य में फिर शीतलहर का दौर, 5 जिलों में अलर्ट, भोपाल-ग्वालियर समेत 22 जिलों में घना कोहरा

मध्य प्रदेश में एक बार फिर से शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर-सीहोर में बुधवार को शीतलहर का अलर्ट है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर समेत 22 जिलों में घना कोहरा छाएगा। कोहरे की वजह से ट्रेनें-फ्लाइट भी डिले हो रही हैं। मंगलवार को छतरपुर के नौगांव में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर के बीच रही। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा : शीतलहर चली, हल्की धुंध छाई:7 जिलों में यलो अलर्ट; नारनौल में दिन का पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा

हरियाणा के अधिकांश इलाकों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। 7 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, जींद और रोहतक शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आ रही सर्दी हवाओं से राज्य के तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है। राजस्थान से सटे इलाकों में धुंध का असर बढ़ सकता है।
बिहार : 22 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट, पटना-गोपालगंज समेत 12 शहरों में घना कोहरा; समस्तीपुर में 9 डिग्री तापमान


