प्रेमी से पूछा-लड़की की लाश तो नहीं मिलेगी, शादी करवाई
आगरा से भागे; पकड़े जाने पर प्रेमिका पंचायत में बोली- साथ नहीं छोड़ूंगी

आगरा में लव अफेयर के बाद घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका के लिए पंचायत बैठी। प्रेमी से पूछा गया कि कोई दबाव तो नहीं है। 6 महीने बाद लड़की की लाश तो नहीं मिलेगी। प्रेमिका से भी पूछा गया कि अगर लड़का कोई काम धंधा नहीं करेगा तो उसे छोड़ तो नहीं दोगी। दोनों हर बात पर राजी हुए तो उनकी शादी करवा दी गई।
दरअसल, खेड़ा जवाहर का संदीप और फतेहाबाद के कछपुरा हिमाउपुर की नेहा 6 दिसंबर को घर से भाग गए थे। परिवार वालों ने दोनों को ढूंढने की बहुत कोशिश की। दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों से पूछताछ की, लेकिन कोई खोज-खबर नहीं मिली। अगले दिन दोनों का पता चला। घरवाले वहां पहुंचे और दोनों को लड़की के गांव ले आए।
फिर एक मंदिर में पंचायत हुई। पंचों ने संदीप से पूछा- तुम पर कोई दबाव तो नहीं है। लड़की को छोड़ तो नहीं दोगे। ऐसे ही सवाल लड़की से भी किए गए। दोनों की सहमति के बाद शादी करवाने का फैसला लिया गया। करीब 3 घंटे तक चली पंचायत के बाद दोनों की मंदिर में ही शादी करा दी गई।

अब पूरा मामला सिलसिलेवार पढ़िए…
- परिवार शादी के लिए राजी नहीं थे, इसलिए भागे- खेड़ा जवाहर के रहने वाले संदीप और फतेहाबाद के कछपुरा हिमाउपुर की रहने वाली नेहा एक-दूसरे से प्यार करते हैं। शादी करना चाहते थे। 6 दिसंबर को घर से गायब हो गए। दोनों के परिवार शादी के लिए राजी नहीं थे।
- 7 दिसंबर को समझा-बुझाकर मंदिर बुलाया- दोनों के घर से गायब होने पर परेशान हो गए। खोजबीन शुरू कर दी। दोनों का पता चलने पर उन्हें समझा-बुझाकर बुलाया गया। दोनों 7 दिसंबर को सती माता मंदिर आए। मंदिर में पंचायत के बीच दोनों को बैठाया गया।

पंचायत के प्रेमी-प्रेमिका से सवाल और उसके जवाब पढ़िए
- लड़के से पूछा- तीन-चार महीने बाद छोड़ तो नहीं दोगे: मां सती जसोदा देवी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रिंस कुशवाहा ने युवक से पूछा- तुम किसी के दबाव में आकर तो शादी नहीं कर रहे। कहीं ऐसा न हो तीन-चार महीने बाद लड़की को ये कहकर छोड़ दो कि घर वाले स्वीकार नहीं कर रहे। ऐसा न हो कि 6 महीने बाद उसकी लाश मिले। एक बार सोच लो। अगर ऐसा कुछ होता है तो जिम्मेदारी तुम्हारी होगी। जवाब- ऐसा कुछ नहीं होगा। मुझ पर कोई दबाव नहीं है। हमेशा साथ रहूंगा।
- लड़की से पूछा- लड़का कुछ नहीं करेगा तो क्या करोगी: पंचों ने लड़की से पूछा कि अगर कल को लड़के ने छोड़ दिया तो क्या करोगी। अगर लड़का कोई काम धंधा नहीं करेगा तो उसे छोड़ तो नहीं दोगी। जवाब- वो ऐसा नहीं करेगा, मुझे विश्वास है।
मंदिर में ही शादी कराई गई कई सवालों के बाद लड़का और लड़की अपनी बात से टस से मस नहीं हुए। हर बात पर अपनी सहमति जताई। साथ रहने पर अड़े रहे। इसके बाद दोनों से एक कागज पर साइन कराए गए। मंदिर में ही युवक ने युवती की मांग भरी। एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। पंचों ने शादी की बधाई दी। पंचायत में बंटी कुशवाहा, प्रधान मनीष कुशवाहा, प्रधान भोला कुशवाहा, प्रधान छोटू कुशवाहा, संजू कुशवाहा, डॉ. वेदप्रकाश कुशवाहा, रामकेश कुशवाहा सहित समाज के कई अन्य लोग मौजूद रहे।