
दिसंबर की शुरुआत के साथ ही झारखंड में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में सुबह-शाम ठंड तेजी से बढ़ गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। अस्पतालों के ओपीडी में सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या बढ़कर 80% तक पहुंच गई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी, जिससे हल्की राहत मिलेगी। लेकिन अगले ही दिन तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट की संभावना है। 2 से 5 दिसंबर के बीच प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी और रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे जा सकता है।
कई इलाकों में पारा 5 डिग्री तक पहुंचेगा
रांची के मैक्लुस्कीगंज और कांके में पारा 5 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रातें और ज्यादा ठंडी होंगी। पिछले 24 घंटे में चाईबासा का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री रहा, जबकि गुमला का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार पठारी इलाकों तक रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी देखी जाएगी। दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, गिरिडीह और देवघर में दिन का पारा 26 से 30 डिग्री रहेगा, जबकि रात में तापमान 12 से 16 डिग्री के बीच रहेगा। कई ऊंचाई वाले स्थानों पर सुबह के समय हल्का कोहरा भी छा सकता है।

उत्तर-पश्चिमी जिलों में बढ़ेगी हवा की रफ्तार
चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और गढ़वा में उत्तर-पश्चिमी हवाएं और तेज होंगी, जिससे रात का तापमान 8 से 12 डिग्री तक गिर सकता है। यहां ठिठुरन लगातार बढ़ती जाएगी। रांची, रामगढ़, खूंटी और गुमला में रात का तापमान 10 से 13 डिग्री पर स्थिर रह सकता है।
दक्षिणी जिलों—जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा और सिमडेगा में रात का तापमान सबसे तेजी से गिर रहा है। कुछ स्थानों पर पारा 9 से 11 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि दिन का तापमान 26 से 29 डिग्री बना रहेगा।
शीतलहर के आसार, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर से आसमान साफ रहेगा, लेकिन इसके कारण रात का तापमान और नीचे जाएगा। 4 व 5 दिसंबर को कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। जिन जगहों पर पारा 4 से 5 डिग्री तक पहुंचेगा, वहां पाला पड़ने की आशंका भी है।




