झारखंडताजा खबररांची

देवघर JAP-5 में ब्रस्ट फायरिंग:हवलदार की खुद के AK-47 की गोली से मौत, शूटिंग रेंज में चार्ज देते समय हुआ हादसा

देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित जैप-5 परिसर में शूटिंग रेंज का चार्ज संभाल रहे जैप-5 के हवलदार शिवपूजन पाल की अपनी ही एके-47 राइफल से निकली गोली लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हवलदार सुबह से ही हथियारों की जांच और अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं में व्यस्त थे। इसी दौरान उनकी एके-47 राइफल से अचानक ब्रस्ट फायर हो गया।

गोली सीधे उनकी गर्दन में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद जवान और अधिकारी तुरंत वहां पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक हवलदार शिवपूजन की मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंचे सीनियर अधिकारी, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही जैप-5 के वरिष्ठ अधिकारी और मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा पूरी तरह आकस्मिक था। पुलिस और तकनीकी टीम हथियार की तकनीकी स्थिति और फायरिंग के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

बिहार के भभुआ जिले के रहने वाले थे हवलदार

मृतक हवलदार शिवपूजन पाल मूल रूप से बिहार के भभुआ जिले के रहने वाले थे और लंबे समय से जैप-5 में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन के लिए वे साथियों में विशेष रूप से पहचाने जाते थे। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button