भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दिन 368 रन बनाए:राहुल-गिल के शतक, सुदर्शन-पंत की हाफ सेंचुरी; सलीम को 2 विकेट

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन मजबूत पकड़ बना ली है। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 3 विकेट पर 368 रन बनाए।
दिन का खेल खत्म होने तक गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर नाबाद लौटे। इससे पहले केएल राहुल ने 100 और साई सुदर्शन ने 81 रन की पारी खेली।
अफगानिस्तान के लिए सलीम सफी ने 2 विकेट हासिल किए। जियाउर रहमान शरीफी को एक विकेट मिला।
सुदर्शन-राहुल ने 139 रन जोड़े
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल 32 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए । उस समय टीम का स्कोर 41 रन था। इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन जोड़कर पारी को संभाला। सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। सुदर्शन और जायसवाल को सलीम सफी ने आउट किया।
राहुल का 12वां टेस्ट शतक
सुदर्शन के आउट होने के बाद राहुल और कप्तान गिल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। राहुल ने 12वां शतक लगाते हुए 165 गेंदों में 100 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके शामिल रहे। हालांकि वह अपने शतक को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और जियाउर रहमान शरीफी की गेंद पर विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे।
गिल शतक लगाकर नाबाद, पंत की फिफ्टी
राहुल के आउट होने के बाद ऋषभ पंत ने तेजी से बल्लेबाजी की। उन्होंने अब्दुल मलिक के एक ओवर में 3 छक्के लगाए। दूसरी ओर गिल ने 138 गेंदों में टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा किया। दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले पंत ने भी 70 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए नाबाद 121 रन की साझेदारी हो चुकी है।
- केएल राहुल ने बतौर ओपनर 11वां शतक लगाया है। वे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर्स की सूची में चौथे स्थान पर हैं। सुनील गावस्कर 33 शतक के साथ पहले नंबर पर हैं।
- भारत ने इस मैच में 6 लेफ्टी बैटर्स उतरे हैं। यह तीसरा मौका है, जब भारतीय टीम की टेस्ट प्लेइंग इलेवन में इतने लेफ्टी हैं।
- मानव सुथार डेब्यू कर रहे हैं। उन्हें कुलदीप यादव ने डेब्यू कैप दी। वहीं, विकेटकीपर ऋषभ पंत 50वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं।
- न्यू चंडीगढ़ स्थित मुल्लांपुर का महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम भारत का 31वां टेस्ट वेन्यू बना है। पिछले साल गुवाहाटी टेस्ट वेन्यू बना था।
- 15 साल बाद टीम इंडिया अपने घरेलू मैदान पर अश्विन-जडेजा के बिना टेस्ट खेल रही है। नवंबर 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐसा हुआ था। टीम ने उसके बाद 69 टेस्ट मैच खेले हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान- सेदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमत शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी।



