ब्रेकअप के बाद सुसाइड के ख्याल आए:प्रोड्यूसर ने पेमेंट रोककर 16 लाख का जुर्माना लगाया, रुबीना दिलैक बोलीं- मजबूरी में घर-गाड़ी बेची

पहले शॉट में 17 रीटेक, डायरेक्टर की फटकार और शिमला लौट जाने के ताने से रुबीना दिलैक ने करियर की शुरुआत में अपमान और संघर्ष झेले। बाद में एक प्रोड्यूसर की कथित धोखाधड़ी से उन्हें लाखों का नुकसान हुआ और घर-कार बेचनी पड़ी।
ब्रेकअप हुआ तो डिप्रेशन में चली गईं। सुसाइड तक के ख्याल आए। मुश्किलों का सामना करते हुए रुबीना ने खुद को संभाला। आज वह टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस में शुमार हैं और बिग बॉस 14 जीतने के बाद खतरों के खिलाड़ी 15 तक पहुंची हैं।
आज की सक्सेस स्टोरी में जानते हैं रुबीना दिलैक के करियर और निजी जीवन से जुड़ी बातें।

पढ़ाई के साथ वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में सक्रिय रहीं
रुबीना दिलैक ने शुरुआती पढ़ाई शिमला पब्लिक स्कूल और सेंट बेड्स कॉलेज से की। उनके पिता लेखक हैं और हिंदी में कई किताबें लिख चुके हैं। स्कूल और कॉलेज के दिनों में रुबीना पढ़ाई के साथ वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में सक्रिय रहीं।
वह राष्ट्रीय स्तर की डिबेट चैंपियन रह चुकी हैं। उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में ग्रेजुएशन किया। इसमें राजनीति विज्ञान भी उनका विषय था। एक्टिंग में आने से पहले उन्होंने कई ब्यूटी कॉन्टैस्ट में हिस्सा लिया। 2006 में उन्हें ‘मिस शिमला’ और 2008 में ‘मिस नॉर्थ इंडिया’ का खिताब मिला।
IAS बनने का सपना था, ऑडिशन ने बदल दी जिंदगी
रुबीना दिलैक का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाने का था और वह इसकी तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान चंडीगढ़ में एक ऑडिशन के लिए उनका सिलेक्शन हुआ, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। उन्होंने 2008 में जी टीवी के शो ‘छोटी बहू’ से अभिनय की शुरुआत की।
जब रुबीना ने एक्टिंग में जाने का फैसला किया, तो उनके पिता ने काफी समय तक उनसे बात करना बंद कर दिया था। परिवार को एंटरटेनमेंट वर्ल्ड का माहौल सुरक्षित नहीं लगता था। ‘मिस शिमला’ और ‘मिस नॉर्थ इंडिया’ का खिताब जीतने के बाद पिता का नजरिया बदला और उन्होंने रुबीना को अपनी राह चुनने की इजाजत दी।
इंडस्ट्री को बहुत अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था
रुबीना कहती हैं- मैं कंजरवेटिव माहौल से आती हूं। उस समय इस इंडस्ट्री को बहुत अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था। जब मैं पहली बार मुंबई आई तो मेरे अंदर बहुत डर था। पढ़ाई, करियर और नए शहर में खुद को स्थापित करना, हर चीज डराती थी। हर डर को पार करने की कोशिश ने मुझे मजबूत बनाया।
डायरेक्टर से सुननी पड़ी थी गाली
‘छोटी बहू’ की शूटिंग के दौरान रुबीना अपमानित भी हुई थीं। वे बताती हैं कि पहले शॉट में मैंने 17 रीटेक दिए थे। यह देख डायरेक्टर नाराज हो गए और गाली देते हुए कहा था- ‘ये सेब की पेटी कहां से ले आए, इसे वापस भेजो।’
करियर के शुरुआती दिनों में रुबीना के लुक को लेकर भी उनकी बेइज्जती की जाती थी। लुक टेस्ट के दौरान उन्हें कहा जाता था कि नेगेटिव भूमिका करें, क्योंकि लीड रोल उन पर सूट नहीं करेगा। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी। काम के प्रति गंभीरता के कारण उन्हें धीरे-धीरे सफलता मिलने लगी। इसी दौरान 2011 में वह एक प्रोड्यूसर की कथित धोखाधड़ी का शिकार भी हुई थीं।
प्रोड्यूसर ने पेमेंट रोकी, 16 लाख का जुर्माना लगाया
प्रोड्यूसर ने उन पर काम में देरी और गैर-पेशेवर होने का आरोप लगाकर 16 लाख का जुर्माना लगाया था और उनकी पेमेंट भी रोक ली थी। इस नुकसान की भरपाई के लिए रुबीना को घर और गाड़ियां बेचनी पड़ीं।
‘बॉलीवुड बबल’ को दिए एक इंटरव्यू में रुबीना ने बताया था, ‘यह 2011 की बात है। मैंने करीब 9 महीने तक काम किया, लेकिन मुझे मेरी पेमेंट रोक दी गई। मैंने कई बार प्रोडक्शन हाउस और डायरेक्टर को फोन किया। उनके ऑफिस के चक्कर लगाए और उनसे गुजारिश की कि मेरा भुगतान कर दिया जाए।
करीब नौ महीने बाद उन्हें एक रिकॉर्ड दिखाया गया, जिसमें शूटिंग में देरी और उससे हुए नुकसान का हिसाब था। रुबीना के मुताबिक, इसी आधार पर मुझ पर करीब 16 लाख की पेनाल्टी लगा दी गई।
रुबीना का दावा है कि रिकॉर्ड में दर्ज कई घटनाएं गलत थीं। उन्होंने बताया कि मड आइलैंड में शूटिंग के दौरान एक कीड़े ने उन्हें काट लिया था, जिससे उन्हें कुछ घंटों तक तेज बुखार रहा। उनके अनुसार, इसी देरी का करीब 1.45 लाख रुपए का नुकसान उनके खाते में जोड़ दिया गया था और उन्हें इसकी भरपाई करनी पड़ी।
घर और गाड़ी बेचनी पड़ी
इस मामले ने उनकी आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित किया। रुबीना ने कहा कि मैं होम लोन की ईएमआई तक नहीं भर पा रही थी। मजबूरी में मुंबई में खरीदे अपने दोनों घर बेचने पड़े। अपनी कारें भी बेच दीं, ताकि कमिटमेंट्स पूरे कर सकूं।
रुबीना का कहना है कि यह दौर उनके लिए बड़ी सीख साबित हुआ। मुझे अपने फैसलों का कोई पछतावा नहीं है। इस दौरान मैं पूरी तरह टूट गई थीं और करीब दो साल तक कोई काम नहीं था। ऐसे में उन्होंने किराए के घर में रहने का फैसला किया।
डिप्रेशन का शिकार हुई, आत्महत्या के ख्याल आने लगे थे
‘छोटी बहू’ के सेट पर रुबीना की मुलाकात अविनाश सचदेव हुई थी। दोनों कई साल रिलेशनशिप में रहे, लेकिन बाद में उनका ब्रेकअप हो गया। ब्रेकअप के बाद रुबीना बुरी तरह टूट गई थीं। ‘बॉलीवुड बबल’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि मुझे डिप्रेशन हुआ था। आत्महत्या जैसे विचारों आए थे।
Bigg Boss 14 के दौरान भी उन्होंने स्वीकार किया था कि करीब 9 साल पहले उनके मन में आत्महत्या के विचार आते थे। बाद में योग, मेडिटेशन और सेल्फ-हीलिंग की मदद से उन्होंने खुद को उस दौर से बाहर निकाला।
‘छोटी बहू’ और ‘छोटी बहू 2’ के बाद रुबीना ने ‘सास बिना ससुराल’, ‘पुनर्विवाह- एक नई उम्मीद’, ‘देवों के देव…महादेव’ और ‘जैनी और जूजू’ जैसे सीरियल्स में काम किया।



