लाइफ स्टाइल

SBI ने जारी किया अलर्ट:फर्जी मैसेज भेजकर ठग रहे स्कैमर, न करें ये 7 गलतियां, एक्सपर्ट से जानें जरूरी सावधानियां

हाल ही में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने एक फिशिंग स्कैम को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसमें स्कैमर्स ग्राहकों को फर्जी मैसेज भेजकर डराते हैं कि ‘आधार अपडेट न होने पर’ उनका SBI YONO अकाउंट ब्लाॅक कर दिया जाएगा।

ऐसे मैसेज लोगों में घबराहट पैदा करते हैं, जिससे वे बिना सोचे-समझे ठग की बात मान लेते हैं और फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं। इस स्कैम से बचने के लिए SBI ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एडवाइजरी जारी की है।

‘साइबर लिटरेसी’ कॉलम में आज हम SBI ‘YONO’ एप से जुड़े इस स्कैम को समझेंगे। साथ ही जानेंगे कि-

  • स्कैमर SBI ग्राहकों को कैसे निशाना बना रहे हैं?
  • इस स्कैम से बचने के लिए क्या सावधानियां बरतें?

एक्सपर्ट: राहुल मिश्रा, साइबर सिक्योरिटी एडवाइजर, उत्तर प्रदेश पुलिस

सवाल- एसबीआई के ‘YONO’ एप से जुड़ा स्कैम क्या है?

जवाब- यह एक फिशिंग स्कैम है, जिसमें साइबर ठग SBI ग्राहकों को फर्जी मैसेज भेजते हैं। इसमें लिखा होता है-

QuoteImage

जरूरी सूचना, प्रिय SBI ग्राहक, आपको सूचित किया जाता है कि आपका SBI YONO अकाउंट आज रात ब्लॉक कर दिया जाएगा, क्योंकि आपके अकाउंट में आधार नंबर अपडेट नहीं है।इस असुविधा के लिए हमें खेद है। आपसे अनुरोध है कि कृपया हमारा आधिकारिक SBI आधार अपडेट APK इंस्टॉल करें और तुरंत अपना आधार अपडेट कर आगे की KYC प्रक्रिया पूरी करें। धन्यवाद,SBI बैंक

QuoteImage

ये मैसेज अंग्रेजी में लिखा होता है। मैसेज के साथ ‘SBI KYC AADHAR UPDATE’ नाम से एक APK फाइल होती है, जिसे डाउनलोड करने को कहा जाता है। जैसे ही यूजर इसे डाउनलोड करता है या जानकारी भरता है, ठग फोन हैक कर लेते हैं और पैसे ऐंठ लेते हैं।

सवाल- स्कैमर SBI के ग्राहकों को कैसे निशाना बना रहे हैं?

जवाब- साइबर क्रिमिनल्स डर और जल्दबाजी का माहौल बनाकर SBI ग्राहकों को झांसे में लेते हैं। स्कैम का जाल ग्राफिक में देखिए-

सवाल- इस स्कैम के जरिए ठग क्या नुकसान पहुंचा सकते हैं?

जवाब- ठग ग्राहक की पर्सनल और बैंकिंग डिटेल्स चुराकर कई तरह से नुकसान पहुंचा सकते हैं। जैसेकि-

  • बैंक अकाउंट से पैसा निकाल सकते हैं।
  • फोन का रिमोट एक्सेस ले सकते हैं।
  • OTP, PIN और पासवर्ड चोरी कर सकते हैं।
  • पर्सनल डेटा और डॉक्यूमेंट्स चुरा सकते हैं।
  • नेट बैंकिंग/UPI का मिसयूज कर सकते हैं।
  • यूजर के नाम से फर्जी लोन ले सकते हैं।
  • फोन में सेव कॉन्टैक्ट्स (रिलेटिव्स और दोस्त) को ब्लैकमेल कर सकते हैं।

सवाल- लाेग किन गलतियों के कारण स्कैमर्स के जाल में फंस जाते हैं?

जवाब- लोग मैसेज देखने के बाद जल्दबाजी और हड़बड़ाहट में कुछ गलतियां करते हैं, जिससे वह स्कैमर्स के जाल में फंस जाते हैं। जैसेकि-

  • बिना सोचे-समझे मैसेज पर भरोसा करना।
  • मैसेज सोर्स वेरिफाई न करना।
  • डर या दबाव में आकर एक्शन लेना।
  • अनजान लिंक पर क्लिक करना।
  • APK फाइल डाउनलोड करना।
  • OTP, PIN और बैंक डिटेल्स शेयर करना।
  • अनजान एप को गैरजरूरी परमिशन देना।

सवाल- SBI ने अपने ग्राहकों को सावधान करने के लिए जारी एडवाइजरी में क्या कहा है?

जवाब- SBI ने एडवाइजरी में ग्राहकों को फर्जी मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है-

  • ‘आपका YONO एप आधार अपडेट न होने पर बंद हो जाएगा।’ ऐसे फर्जी मैसेज के झांसे में न आएं।
  • अनजान लिंक या ईमेल, SMS, वॉट्सएप से आए APK फाइल डाउनलोड न करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
  • YONO एप सिर्फ ऑफिशियल एप स्टोर या SBI की वेबसाइट से ही डाउनलोड करें।
  • फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।

सवाल- इस एडवाइजरी के मुताबिक आपको क्या करना है?

जवाब- बैंक से जुड़े कामों के सही और गलत तरीके नीचे पॉइंटर्स से समझिए-

मोबाइल बैंकिंग एप डाउनलोड करना

गलत- अनजान लिंक या APK से डाउनलोड करना।

सही- सिर्फ ऑफिशियल एप स्टोर या वेबसाइट से डाउनलोड करें।

अपना अकाउंट लॉगिन करना

गलत- फर्जी एप में लॉगिन करना। पिन शेयर करना। पब्लिक वाईफाई से लॉगिन करना।

सही- ऑफिशियल एप या वेबसाइट पर ही लॉगिन करें। पिन किसी से शेयर न करें।

बैलेंस चेक करना

गलत- थर्ड-पार्टी एप या अनजान वेबसाइट पर डिटेल डालना।

सही- बैंक एप, ATM या ऑफिशियल USSD/मिस्ड कॉल सर्विस इस्तेमाल करें।

पैसे ट्रांसफर करना

गलत- जल्दबाजी में बिना जांचे पैसे भेजना। ‘रिवॉर्ड/कैशबैक’ के लालच में पैसे ट्रांसफर करना।

सही- पैसे भेजने से पहले रिसीवर का नाम और नंबर वेरिफाई करें। सिर्फ ऑफिशियल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।

UPI लिंक करना

गलत- अनजान एप या लिंक पर UPI एक्टिवेट करना।

सही- सिर्फ बैंक एप/ऑफिशियल UPI एप में ही लिंक करें।

OTP/MPIN इस्तेमाल करना

गलत- कॉल/मैसेज पर OTP बताना। स्क्रीन शेयर करके OTP दिखाना।

सही- OTP/MPIN पूरी तरह गोपनीय रखें। खुद ही एंटर करें, किसी से शेयर न करें।

बैंकिंग रिलेटेड नोटिफिकेशंस चेक करना (SMS/वॉट्सएप/ईमेल)

गलत- ‘अकाउंट बंद हो जाएगा’ जैसे डराने वाले मैसेज पर क्लिक करना।

सही- मैसेज भेजने वाले का सोर्स चेक करें। संदिग्ध मैसेज को इग्नोर/रिपोर्ट करें।

KYC अपडेट करना

गलत- कॉल/लिंक के जरिए KYC अपडेट करना। किसी को डॉक्यूमेंट/OTP शेयर करना।

सही- सिर्फ बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट/ब्रांच पर ही KYC अपडेट करें।

बैंक से जुड़ी कॉल रिसीव करना

गलत- कॉल पर OTP, PIN, CVV शेयर करना। दबाव में आना।

सही- कॉलर की पहचान वेरिफाई करें। शक होने पर रिपोर्ट करें।

टिकट बुकिंग, शॉपिंग

गलत- फेक ऑफर या बहुत सस्ते डील पर तुरंत पेमेंट करना। अनजान साइट पर कार्ड डिटेल डालना।

सही- सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट/एप का इस्तेमाल करें।

ट्रांजैक्शन अलर्ट देखना

गलत- अलर्ट को नजरअंदाज करना। देर से शिकायत करना।

सही- हर SMS/ईमेल अलर्ट तुरंत चेक करें। अनजान ट्रांजैक्शन पर बैंक को तुरंत सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button