उत्तर प्रदेश

मेरठ के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में आरोपी नीले ड्रम वाली मुस्कान गोद में बेटी लेकर कोर्ट पहुंची:13 महीने बाद जेल से प्रेमी साहिल के साथ पुलिस वैन में आई

मेरठ के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में आरोपी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। दोनों को जेल से भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। दोनों करीब 46 मिनट तक कोर्ट में रहे। इस दौरान साहिल से 20 मिनट और मुस्कान से 16 मिनट तक जज ने सवाल-जवाब किए। इसके बाद पुलिस दोनों को जिस तरह कोर्ट लाई थी, उसी तरह वापस जेल लेकर चली गई।

इससे पहले साहिल को लेकर पुलिस कोर्ट पहुंची। वह सफेद टोपी और राउंड नेक की सफेद टी-शर्ट पहने था। पुलिस की गाड़ी से उतरने के बाद साहिल ने सिर नीचे झुका लिया, सिपाहियों के इशारे पर चलता रहा। कुछ वकीलों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें पीछे धकेल दिया। इसके बाद साहिल को लेकर पुलिसकर्मी कोर्ट पहुंचे।

कुछ देर बाद पुलिस मुस्कान को लेकर पहुंची। वह पीले रंग का प्रिंटेड सूट और काला दुपट्‌टा पहने थी। चेहरे पर काला मास्क लगा रखा था। गोद में 6 महीने की बच्ची लिए थी। नजर झुकाए मुस्कान कोर्ट में प्रवेश कर गई। बच्ची को भी दुपट्टे से लपेट रखा था। चारों तरफ पुलिस का घेरा था, किसी को भी मुस्कान की तरफ आने नहीं दिया गया।

मुस्कान-साहिल केस में सुनवाई की अगली तारीख 28 अप्रैल तय की गई है। संभावना है कि इसी दिन अदालत अपना फैसला सुना सकती है और दोनों को सजा भी हो सकती है।

जेल वैन से मुस्कान अपनी बच्ची को गोद में लेकर उतरी। उसने पीला सूट और काला दुपट्‌टा पहन रखा था।

कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मी लोगों को मुस्कान से दूर करते रहे।

18 मार्च से जेल में बंद हैं साहिल-मुस्कान: 18 मार्च, 2025 को मुस्कान को पति सौरभ की हत्या के मामले में गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था, तब से अब तक यानी करीब 13 महीने बाद वह पहली बार नजर आई है। साहिल से ठीक पहले सौरभ की मां और भाई भी कोर्ट पहुंचे थे। उन्हें पुलिसकर्मियों ने पहले ही रोक दिया।

पहली बार फिजिकल पेशी हुई: नीला ड्रम कांड के नाम से चर्चित इस मामले में अब धारा- 313 की कार्रवाई शुरू हो गई है। यानी जज अब सीधे आरोपियों से सवाल-जवाब कर रहे हैं। सुनवाई की पहली तारीख 15 अप्रैल तय थी, लेकिन विशेष कारणों से उस दिन सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद 18 अप्रैल की तारीख लगी, लेकिन उस दिन भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। अब इस मामले में 21 अप्रैल यानी आज सुनवाई हो रही है।

पहले साहिल और फिर मुस्कान से सवाल-जवाब हुए

कोर्ट में पहले साहिल का बयान हुआ। साहिल से 20 मिनट तक सवाल-जवाब हुए। इस दौरान मुस्कान बच्ची को लेकर पीछे बैठी रही। बच्ची कुल 6 महीने की दुधमुंही है, इसलिए उसे मां के साथ लाया गया। साहिल के बाद मुस्कान को जज के सामने पेश किया गया। उससे भी 16 मिनट तक सवाल-जवाब हुए।

साहिल और मुस्कान करीब 46 मिनट जिला जज की कोर्ट में रहे। दोनों ने 2 बजकर 54 मिनट पर कोर्ट में प्रवेश किया और 3 बजकर 40 मिनट पर बाहर निकले। इसके बाद पुलिसकर्मी दोनों को लेकर पुलिस वैन तक पहुंचे। वहां बेटी को गोद में लेकर मुस्कान वैन के अंदर चढ़ नहीं पा रही थी। इस पर एक महिला पुलिसकर्मी ने उससे बेटी ले ली। तब मुस्कान वैन में चढ़ सकी। फिर पुलिसकर्मी ने बच्ची मुस्कान को दे दी। इसके बाद मुस्कान-साहिल को पुलिस जेल लेकर चली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button