मध्य प्रदेश

MP में 1 से 5.4 डिग्री बढ़ा पारा:दिन के साथ रातों में भी गर्मी; इंदौर, उज्जैन-ग्वालियर में बढ़ोतरी ज्यादा; 15 को नया सिस्टम

एमपी में आंधी-बारिश का दौर थमते ही गर्मी असर दिखाने लग गई है। शुक्रवार को ज्यादातर शहरों में दिन के पारे में 1 से 5.4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। इंदौर, ग्वालियर-उज्जैन में भी पारा चढ़ा, जबकि भोपाल, रतलाम में भी तापमान बढ़ गया। रतलाम में सबसे ज्यादा 5.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शनिवार को पारे में और बढ़ोतरी होगी।

IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार, 15 अप्रैल को नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है, लेकिन यह कमजोर रहेगा। यानी, अब प्रदेश में तेज गर्मी वाला दौर ही रहेगा। गर्मी बढ़ने से लोग उससे बचने के तरीके भी तलाश रहे हैं। कोई मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकल रहा है तो कोई गन्ने का ज्यूस, कोल्ड्रिंक्स, आइस्क्रीम का लुत्फ उठा रहा है।

गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहे। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।

गर्मी से बचाव के लिए अब भोपाल में गन्ने की चरखियों पर भीड़ लगने लगी है। लोग गन्ने के ज्यूस का लुत्फ भी उठा रहे हैं।

नर्मदापुरम में पारा 40 डिग्री के करीब, रतलाम-खरगोन भी गर्म रहे

शुक्रवार को दिन के तापमान में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम में 38.6 डिग्री, खरगोन में 38 डिग्री रहा। वहीं, धार, खंडवा, नरसिंहपुर और खजुराहो में पारा 36 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया।

प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में सबसे ज्यादा 35.5 डिग्री रहा। भोपाल में 34.6 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री, ग्वालियर में 33.4 डिग्री और जबलपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अप्रैल में लगातार 9 दिन तक बारिश

बता दें कि अबकी बार अप्रैल में भीषण गर्मी की बजाय आंधी-बारिश और ओले वाला मौसम रहा। 1 से 9 अप्रैल तक प्रदेश में कहीं न कहीं मौसम बदला। इस दौरान ग्वालियर में सबसे ज्यादा पानी गिरा। 15 से ज्यादा जिलों में ओलावृष्टि हुई तो करीब 45 जिलों में पानी गिरा।

अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में पड़ती है तेज गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, जिस तरह दिसंबर-जनवरी में सर्दी और जुलाई-अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश होती है, उसी तरह गर्मी के दो प्रमुख महीने अप्रैल और मई हैं। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तेज गर्मी पड़ती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button