देश के पांच राज्यों में अगले तीन दिन मौसम में बदलाव रहेगा:MP के सीहोर में पंचायत वेब सीरीज का सेट आंधी से उड़ा; उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में ओले गिरे

देश के पांच राज्यों में अगले तीन दिन मौसम में बदलाव रहेगा। मध्य प्रदेश के 30 और उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ और अमेठी समेत 20 शहरों में बारिश हुई।
दिल्ली में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे। वहीं मध्य प्रदेश के सीहोर में पंचायत वेब सीरीज की शूटिंग हो रही है। गुरुवार को अचानक हुई बारिश और तेज हवा से टेंट समेत दूसरा सामान उड़ गया। भोजन भी खराब हो गया। इसके बाद शूटिंग रोकनी पड़ी।
इधर, राजस्थान में 2 अप्रैल से फिर एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। इससे एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने का अलर्ट है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 10 जिलों के मौसम में दोपहर बाद बदलाव देखने को मिला।
हरियाणा में बारिश और ओले गिरने से 7 जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा। वहीं 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की खड़ी फसलें खराब हो गईं।




